विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर हत्याकांड: कार्तिकेय के सिर पर करीब से वार, युवती से गहराया राज, पुलिस जांच में नए खुलासे

Published: Fri, 18 Sep 2026 10:32 AM (IST)

गोरखपुर के बांसगांव में कार्तिकेय उर्फ शुभम मिश्रा की हत्या के मामले में पुलिस को नए सुराग मिले हैं, जिसमें ...और पढ़ें

मौके पर जुटे ग्रामीण। जागरण

मौके पर जुटे ग्रामीण। जागरण

HighLights

  1. पुलिस को कार्तिकेय के मोबाइल से युवती संग फोटो मिली।

  2. हत्यारे ने कार्तिकेय के सिर पर करीब से कई वार किए।

  3. जांच का दायरा जयंतीपुर गांव के भीतर केंद्रित किया गया।

जागरण संवाददाता, बांसगांव (गोरखपुर)। पुलिस की जांच को नए सुराग मिले हैं। कार्तिकेय उर्फ शुभम बुधवार रात नौ बजे तक अपने मोबाइल फोन पर ऑनलाइन था। पुलिस को एक फोटो भी मिली है, जिसमें एक युवती के पीछे कार्तिकेय खड़ा दिख रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह युवती कौन है और उसका कार्तिकेय से क्या संबंध था। परिवार के लोगों से भी इस बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

जिस जगह कार्तिकेय की हत्या हुई, वह जयंतीपुर गांव के बीचोबीच है। पुलिस का मानना है कि इस स्थान पर किसी बाहरी व्यक्ति के आने की संभावना कम है। इसलिए जांच का दायरा गांव के भीतर ही केंद्रित किया जा रहा है। पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम गांव में डेरा डाले हुए है और हर छोटी-बड़ी जानकारी जुटा रही है।

ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि रात में किसी ने कोई संदिग्ध गतिविधि देखी थी या नहीं। कब्जे में लिया गया मोबाइल फोन का लाक खुल गया है। पुलिस उसकी गैलरी और काल लाग चेक कर रही है। बुधवार को जिन नंबरों से कार्तिकेय की बात हुई थी, उन सभी को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।

पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि रात में हत्या से पहले कार्तिकेय ने किससे और कितनी देर बात की। सर्विलांस की मदद से उसकी लोकेशन और संपर्कों की भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि कार्तिकेय की मौत सिर पर चोट लगने से हुई।

हत्यारे ने ललाट पर दाईं तरफ दो बार वार किया था जिसकी वजह से दोनों जगह की हड्डी टूट गई थी। वहीं, सिर में पीछे दाईं तरफ भी दो बार वार किया गया है। पोस्टमार्टम दो डाक्टरों की टीम ने किया है। रिपोर्ट से साफ है कि हमलावर ने बेहद करीब से वार किया था।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर हत्याकांड: गांव का 'मिलनसार' लड़का और खामोश रात, क्यों रहस्य बन गई कार्तिकेय की हत्या

राजघाट में हुआ दाह संस्कार, भाई ने दी मुखाग्नि
पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार को कार्तिकेय उर्फ शुभम मिश्रा का दाह संस्कार राजघाट स्थित राप्ती तट पर किया गया। इस दौरान परिवार के लोग मौजूद रहे। बड़े भाई शिवम ने मुखाग्नि दी। पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था। गांव के लोगों और रिश्तेदारों की भीड़ दाह संस्कार में शामिल हुई। माहौल गमगीन रहा।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में रंगदारी न देने पर व्यापारी के बेटे की चाकू घोपकर हत्या, आठ टीमें जांच में जुटीं