विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में मां-बेटे की हत्या कर नाले में दफनाया शव, बारिश से मिट्टी हटी तो बाहर निकला हाथ

Published: Fri, 01 May 2026 02:47 PM (IST)

गोरखपुर के गुलरिहा क्षेत्र में मां-बेटे की हत्या कर शवों को नाले में दफना दिया गया था। बारिश से मिट्टी ...और पढ़ें

फोरेंसिक टीम के साथ पहुंची गुलरिहा थाना पुलिस। जागरण

फोरेंसिक टीम के साथ पहुंची गुलरिहा थाना पुलिस। जागरण

HighLights

  1. गोरखपुर में मां-बेटे की हत्या कर शव दफनाए गए।

  2. बारिश से मिट्टी हटी, हाथ दिखने पर शव बरामद।

  3. पुलिस ने आठ-दस दिन पुराने शवों की जांच शुरू की।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। मां-बेटे की हत्या करने के बाद शव को गुलरिहा क्षेत्र के चोरहिया नोल में दफना दिया गया। शुक्रवार की सुबह खेत की तरफ गए जैनपुर गांव के लोगों ने बाहर निकला महिला का हाथ देख सूचना पुलिस के साथ ही गांव के लोगों को दी।

फोरेंसिक टीम के साथ पहुंची गुलरिहा थाना पुलिस ने जब मिट्टी की खोदाई कराई तो उसके नीचे महिला और दो माह के बच्चे के शव बरामद हुए जो आठ से दस दिन पुराने बताए जा रहे हैं। पुलिस के साथ ही क्राइम ब्रांच की टीम पहचान की कोशिश में जुटी है।

जैनपुर गांव का एक व्यक्ति गुुरुवार सुबह शौच के लिए नाले की तरफ गया था। उसने देखा कि नाले के किनारे मिट्टी के नीचे से एक हाथ बाहर निकला हुआ है। उसने तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी। देखते ही देखते पूरे गांव में खबर फैल गई और मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई।

पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में करीब तीन फीट गहरी खोदाई के बाद महिला का शव निकला। उसके पास ही बच्चे का शव भी मिला। दोनों शव काफी हद तक गल चुके थे, जिससे लग रहा था कि घटना आठ से दस दिन पहले की है। महिला के शरीर पर जींस पैंट और टाप था।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में तेज रफ्तार पर लगेगी लगाम, 50 से अधिक स्पीड तो भरना पड़ेगा 2000 जुर्माना

प्रथम दृष्टया वह शादीशुदा प्रतीत हो रही थी। बच्चा दो से तीन माह का बताया जा रहा है। एसपी सिटी निमिष पाटील और सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे। महिला और बच्चे की पहचान के लिए जिले के सभी थानों में दर्ज गुमशुदगी की सूचनाएं खंगाली जा रही हैं।

आसपास के गांवों में भी लापता महिलाओं के बारे में पता लगाया जा रहा है। एसपी सिटी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई गई है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।