विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में ट्रेन से कटकर महिला की मौत, बेटी समझ मां ने कराया अंतिम संस्कार, शाम को वही मिली जिंदा

Published: Thu, 29 Oct 2026 08:06 AM (IST)

गोरखपुर में ट्रेन से कटी एक अज्ञात महिला के शव को मां ने अपनी बेटी अनामिका समझकर पहचान की और ...और पढ़ें

यह तस्वीर AI द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर AI द्वारा बनाई गई है।

HighLights

  1. मां ने ट्रेन से कटी बेटी समझकर शव पहचाना।

  2. दहेज हत्या का आरोप लगा, मुकदमा भी दर्ज हुआ।

  3. शाम को बेटी जिंदा मिली, पुलिस हैरान रह गई।

संवाद सूत्र, भीटी रावत, (गोरखपुर)। सीहापार हाल्ट के पास रेलवे ट्रैक पर मिले अज्ञात महिला के शव की पहचान में ऐसी चूक हुई कि एक परिवार में मातम छा गया और दूसरे परिवार के विरुद्ध दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज हो गया।

शव को अपनी बेटी अनामिका बताकर मां ने शव का पोस्टमार्टम भी करा दिया। लेकिन शाम को कहानी ने ऐसा मोड़ लिया कि जिसे मृत समझा जा रहा था, वह बेटी जिंदा मिली। मां के साथ बेटी थाने पहुंची तो सहजनवा थाना पुलिस हैरान रह गई। अब पुलिस अज्ञात महिला के शव की असली पहचान करने में जुटी है।

सुबह 10 बजे सीहापार हाल्ट के पास ट्रेन से कटकर एक महिला की मौत हो गई थी। सूचना पर पहुंची सहजनवा पुलिस ने शव की पहचान कराने का प्रयास किया। इसी दौरान सीहापार निवासी लक्ष्मीना देवी पहुंची और बताया कि शव उनकी बेटी अनामिका का है।

नवरात्र में उसने बेलघाट के बेली गांव निवासी अभी सिंह से प्रेम विवाह किया था। ससुराल जाने के बाद परिवार के लोग दहेज के लिए उसका उत्पीड़न कर रहे थे। पति अभी सिंह, उसके पिता और जेठ के विरुद्ध दहेज हत्या का आरोप लगाने लगी। पुलिस ने अभी से संपर्क करने का प्रयास किया तो मोबाइल फोन बंद था।

इसके बाद मुकदमा दर्ज कराने के साथ ही पोस्टमार्टम कराकर शव लक्ष्मीना को सौंप दिया। गांव के लोगों की मदद से परिवार ने दाह संस्कार भी कर दिया। शाम सात बजे बेटी का मोबाइल फोन आन हुआ तो उसने मां के पास फोन किया और बताया कि जिंदा है। यह जानकारी मिलते ही पूरे मामले की दिशा बदल गई। रात आठ बजे के करीब लक्ष्मीना अपनी बेटी को लेकर थाने पहुंचीं।

एसपी उत्तरी राजेश घुनावत ने बताया कि लक्ष्मीना ने शव की पहचान अपनी बेटी अनामिका के रूप में की थी, जबकि बेटी जीवित है। अज्ञात शव की पहचान के लिए आसपास के थानों में तस्वीर भेजी गई है। डीएनए जांच के लिए नमूना सुरक्षित कराया गया है,ताकि जरूरत पड़ने पर पहचान की पुष्टि हो सके।

बेटी ने किया है प्रेम विवाह
लक्ष्मीना की बेटी अनामिका का बेलघाट क्षेत्र के बेली गांव में अपनी मौसी के घर आने-जाने के दौरान गांव के ही अभी सिंह से प्रेम संबंध हो गया। इसी वर्ष नवरात्र में दोनों ने विवाह कर लिया, लेकिन परिवार इस शादी से संतुष्ट नहीं था। कुछ दिन इधर-उधर रहने के बाद दोनों लुधियाना चले गए। परिवार और पुलिस के दबाव के बाद अभी का बड़ा भाई आदर्श दोनों को वापस ले आया।

22 अक्टूबर को दोनों के नौसढ़ पहुंचने की जानकारी मायके पक्ष को हुई। इस दौरान विवाद भी हुआ। बाद में लक्ष्मीना परिवार के साथ बेलघाट थाने पहुंचीं। पुलिस के समझाने पर थाने के बगल स्थित मंदिर में दोनों का दोबारा विवाह कराया गया। इसके बावजूद परिवारों के बीच तनाव बना हुआ था।

मोबाइल फोन बंद हाेने पर बढ़ा शक
रेलवे ट्रैक पर महिला का शव मिलने के बाद लक्ष्मीना ने बेटी की मौत की आशंका जताते हुए ससुराल वालों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया। पुलिस ने जांच शुरू की तो पति अभी, उसके पिता और जेठ के मोबाइल फोन बंद मिले। तीनों गीडा स्थित एक फैक्ट्री में काम करते हैं। मोबाइल फोन बंद मिलने के बाद पुलिस ने उनकी तलाश और संपर्क करने का प्रयास जारी रखा। शाम को मोबाइल फोन चालू होने पर लक्ष्मीना के पास बेटी का फोन आया तो सच्चाई सामने आयी।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में मीरा पांडेय हत्याकांड का मुख्य आरोपित मुठभेड़ में गिरफ्तार, दूसरा फरार

रेलवे ट्रैक पर मिला शव किसका
बेटी के जिंदा मिलने से परिवार को राहत मिली, लेकिन रेलवे ट्रैक पर मिली महिला की पहचान अब भी पहेली बनी हुई है। पुलिस के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती शव की पहचान कर उसके परिवार तक पहुंचना है। एसपी उत्तरी राजेश घुनावत ने बताया कि घटना की जानकारी हाेने के बाद पहुंची पुलिस ने जो तस्वीर ली थी उसके जरिए महिला की पहचान कराई जाएगी। डीएनए जांच के लिए सुरक्षित किए गए नमूना से स्थिति स्पष्ट होगी।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक MLC चुनाव: 2 दिन चली कांटे की टक्कर के बाद भाजपा के ध्रुव त्रिपाठी जीते, आधिकारिक घोषणा बाकी