विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शिक्षक एमएलसी चुनाव: गोरखपुर में मतदान कल, आज रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां

Published: Thu, 22 Oct 2026 07:12 AM (IST)

गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। गुरुवार को पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी और ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गुरुवार को गोरखपुर के 18 मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। गोरखपुर विश्वविद्यालय के वाणिज्य संकाय से सुबह 10 बजे पोलिंग पार्टियों की रवानगी होगी। इसी तरह निर्वाचन क्षेत्र के अन्य 16 जिलों के बूथों पर भी गुरुवार को ही संबंधित रवानगी स्थित पोलिंग पार्टियां बूथों पर पहुंचेंगी।

शुक्रवार को शिक्षक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान और मतगणना को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बुधवार को रिटर्निंग आफिसर एवं कमिश्नर इन्द्र विक्रम सिंह ने प्रत्याशियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आयुक्त सभागार में हुई बैठक में कमिश्नर ने कहा कि मतदान के दौरान मतदाता निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित पेन का ही प्रयोग करें। किसी अन्य पेन से मतांकन करने पर मतपत्र अवैध माना जाएगा। मतदाता अपनी वरीयता केवल अंकों में अंकित करें। शब्दों में वरीयता लिखने अथवा अतिरिक्त चिह्न बनाने से मतपत्र अवैध हो सकता है। प्रत्याशियों से भी अपेक्षा की गई कि वे मतदाताओं को मतांकन की सही प्रक्रिया के बारे में जागरूक करें, ताकि किसी की गलती से मतपत्र निरस्त होने की स्थिति न आए।

उन्होंने कहा कि मतदान एवं मतगणना केंद्रों पर इलेक्ट्रानिक उपकरणों, स्वापक और अन्य मादक पदार्थों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। सभी प्रत्याशी और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े लोग निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन करें।

सुबह 7:30 बजे खुलेगा स्ट्रांग रूम
कमिश्नर ने बताया कि मतगणना के दिन स्ट्रांग रूम सुबह ठीक 7:30 बजे खोला जाएगा। इसके बाद सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी। सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित समय पर मतगणना केंद्र पहुंचने तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे पहले कमिश्नर ने एनेक्सी भवन में मतगणना कार्मिकों के द्वितीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

उन्होंने कार्मिकों को शिक्षक निर्वाचन में मतों की गणना की बारीकियां समझाते हुए पूरी शुचिता और पारदर्शिता के साथ गंभीरतापूर्वक मतगणना संपन्न कराने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण में सहायक रिटर्निंग आफिसर एवं अपर आयुक्त (प्रशासन) अजय कुमार राय, मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हादसों में 16 की मौत, 28 घायल; 3 लोग अब भी लापता

मतगणना प्रशिक्षण से 11 कर्मचारी अनुपस्थित, नोटिस
शिक्षक एमएलसी चुनाव की मतगणना के लिए आयोजित द्वितीय प्रशिक्षण में 176 कार्मिकों में से 165 ने हिस्सा लिया, जबकि 11 कर्मचारी अनुपस्थित रहे। अनुपस्थित कर्मचारियों में कोषागार, राज्य कर, तहसील, गोरखपुर विकास प्राधिकरण, चकबंदी और सिंचाई विभाग के कर्मचारी शामिल हैं। कमिश्नर ने अनुपस्थित कार्मिकों को नोटिस जारी कर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, करंट से दो सगे भाइयों समेत तीन की मौत