विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में अप्रैल के बाद अब मई सताएगा, भीषण गर्मी दिखाएगा

Published: Fri, 01 May 2026 12:47 PM (IST)

गोरखपुर में अप्रैल के अंत और मई के पहले सप्ताह में गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन उसके बाद मई में ...और पढ़ें

पहले सप्ताह के बाद मई के 15–16 दिन रहेंगे काफी गर्म, चार-पांच दिन पड़ेगी लू। जागरण

पहले सप्ताह के बाद मई के 15–16 दिन रहेंगे काफी गर्म, चार-पांच दिन पड़ेगी लू। जागरण

HighLights

  1. मई के पहले सप्ताह में गर्मी से राहत मिलेगी।

  2. मई में सामान्य से अधिक गर्म दिन रहेंगे।

  3. चार से पांच दिन लू चलने की संभावना है।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। अप्रैल के अंत में मिली गर्मी से राहत मई के पहले सप्ताह में भी जारी रहेगी लेकिन उसके बाद मई भीषण गर्मी दिखाएगा। कई बार धूप की तेजी से झुलसाता नजर आएगा। इस बार मई में गर्म दिनों की संख्या सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है। जहां आमतौर पर मई में 10 से 12 दिन ही गर्म दिन के दायरे में आते हैं, वहीं इस बार यह आंकड़ा बढ़कर 15 से 16 दिन तक पहुंच सकता है।

मौसम विज्ञानी कैलाश पांडेय के अध्ययन के अनुसार मई के दौरान चार से पांच दिन लू चलने की भी संभावना है। अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग 1 डिग्री सेल्सियस अधिक और न्यूनतम तापमान करीब 0.8 डिग्री सेल्सियस ऊपर रह सकता है। इससे दिन और रात दोनों समय गर्मी का असर बना रहेगा। हालांकि महीने की शुरुआत में लोगों को गर्मी से राहत रहेगी।

पहले सप्ताह में चार से पांच दिन तक बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी से लेकर हल्की वर्षा भी हो सकती है। इसकी वायुमंडलीय परिस्थितियां तैयार हैं। पश्चिमोत्तर के पर्वतीय क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। बंगाल की खाड़ी में बना निम्न वायुदाब क्षेत्र पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ रहा है। इसके साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर बादलों का एक समूह भी बना हुआ है, जिससे अगले तीन से चार दिन तक मौसम का मिजाज अपेक्षाकृत नरम रहने की संभावना है।

इस दौरान अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। आर्द्रता का स्तर अधिक होने के कारण वास्तविक तापमान कम होने के बावजूद उमस के चलते गर्मी का अहसास बना रह सकता है।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में कुत्ते के विवाद में भाई की मौत, निजी अस्पताल पर लापरवाही और किडनी निकालने का आरोप

मौसम विज्ञानी का कहना है कि मई के दूसरे सप्ताह के बाद गर्मी अपने चरम की ओर बढ़ेगी। साफ आसमान और तेज धूप के चलते तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी और लू का असर भी देखने को मिलेगा।

जाते-जाते अप्रैल ने बनाया वर्षा का रिकार्ड
अप्रैल ने जाते-जाते गर्मी से राहत तो दी ही और 24 घंटे में 33 मिलीमीटर वर्षा दर्ज कर नया रिकार्ड बना दिया। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार वर्ष 1998 के बाद पहली बार अप्रैल में एक दिन में इतनी अधिक वर्षा रिकार्ड की गई है। हालांकि पूरे महीने की बात करें तो अप्रैल सामान्य से अधिक गर्म रहा। सामान्य से अधिकतम तापमान 0.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 0.3 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज हुआ। वहीं गर्म दिनों की संख्या आठ रही, जो सामान्य से दो दिन ज्यादा है।