विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर मानीराम इंडेन गैस सर्विस में अनियमितता की पुष्टि, लाखों का जुर्माना तय

Published: Sun, 21 Jun 2026 11:25 AM (IST)

गोरखपुर की मानीराम इंडेन गैस सर्विस में अनियमितताओं की पुष्टि हुई है, जहां इंडियन ऑयल की टीम ने जांच के ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

HighLights

  1. मानीराम इंडेन गैस सर्विस में अनियमितताओं की पुष्टि हुई।

  2. इंडियन ऑयल टीम ने सिलेंडरों में गैस की कमी पाई।

  3. एजेंसी पर लाखों रुपये का भारी जुर्माना लगेगा।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। इंडियन आयल की मानीराम इंडेन गैस सर्विस में अनियमितता की पुष्टि हुई है। इंडियन आयल के सेल्स अफसर समेत दो अफसरों की टीम ने शनिवार सुबह ही गोदाम में पहुंचकर जांच शुरू कर दी। जांच रिपोर्ट देर शाम तक अफसरों को नहीं दी गई थी लेकिन प्राथमिक जांच में अनियमितता की पुष्टि के बाद एजेंसी पर भारी जुर्माना लगाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जुर्माना लाखों रुपये में हो सकता है।

पीपीगंज संवाद सूत्र के अनुसार इंडियन आयल के उप महाप्रबंधक रवि कुमार चंदेरिया ने शुक्रवार रात मामला सामने आने के बाद जांच टीम का गठन किया। टीम शनिवार सुबह ही गोदाम में पहुंच गई। गोदाम खुलवाकर एक-एक सिलिंडर का वजन चेक किया गया। बताया जा रहा है कि कई सिलिंडरों में गैस कम मिली है। सिलिंडरों की संख्या भी कम मिली है। देर शाम तक टीम के सदस्य आंकड़ा इकट्ठा करने में जुटे रहे।

ग्राहकों से भी लिया गया फीडबैक
इंडियन आयल ने गोदाम में रीफिलिंग के मामले को गंभीरता से लेते हुए कई स्तरों पर जांच शुरू करा दी है। इसमें ग्राहकों से बात, गोदाम में सिलिंडर का स्टाक, सिलिंडर का वजन, रास्ते में सिलिंडर की तौल, घर पहुुंचकर मिले सिलिंडर की तौल, वाहनों से भेजे जा रहे सिलिंडर की तौल, सिलिंडर के एवज में लिए गए रुपये आदि की पड़ताल की जा रही है। ग्राहकों का पूरा ब्योरा भी इकट्ठा किया जा रहा है। कई ग्राहकों ने घटतौली, कालाबाजारी, समय से सिलिंडर न दिए जाने, परेशान किए जाने आदि की शिकायत की है।

पहले भी लग चुका है जुर्माना
मानीराम इंडेन गैस सर्विस पर इंडियन आयल ने पहले भी जुर्माना लगाया था। तब भी मामला घटतौली से ही जुड़ा था लेकिन अधिकारियों ने जुर्माना लगाने के बाद निगरानी नहीं की। नतीजा हुआ कि गोदाम में ही रीफिलिंग शुरू हो गई। आसपास के लोगों का कहना है कि रीफिलिंग लंबे समय से चल रही है। कभी कोई अधिकारी गोदाम का निरीक्षण नहीं करता है। यदि कोई आता भी है तो इसकी जानकारी पहले ही हो जाती है। इस कारण सब कुछ अच्छा दिखा दिया जाता है।

रातोंरात अमीर हो रहे एजेंसी संचालक
रसोई गैस सिलिंडर के धंधे से जुड़े एजेंसी संचालक रातोंरात अमीर हो रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि जबसे रसोई गैस का संकट हुआ है, सिलिंडर के धंधे में कमाई में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। वजह यह कि जो एजेंसी कालाबाजारी के धंधे से जुड़ी हैं वह धड़ल्ले से दो से ढाई हजार रुपये में सिलिंडर की बिक्री कर रही हैं।

यह भी पढ़ें- स्टेशन व ट्रेन में फेरी लगाने, भीख मांगने पर लगेगा दो हजार जुर्माना

पिछले दिनों नौसढ़ में पीपीगंज स्थित आशीष इंडेन गैस सर्विस और कन्हैया इंडेन गैस सर्विस के मालिक ही सिलिंडर की कालाबाजारी कर रहे थे। इनके खिलाफ कार्रवाई हुई लेकिन कंपनी के अधिकारी सख्ती बरकरार नहीं रख सके। इसका परिणाम यह हुआ कि बड़े पैमाने पर रीफिलिंग का मामला सामने आ गया।

यह है मामला
मानीराम इंडेन गैस सर्विस का जंगल कौड़िया क्षेत्र के मेहदरिया में गैस गोदाम है। यहां से सिलिंडर का वितरण किया जाता है। शुक्रवार को एजेंसी के गोदाम का एक वीडियो तेजी से इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने लगा। इस वीडियो में गोदाम में कई सिलिंडर रखे दिख रहे हैं। एक व्यक्ति जमीन पर लिटाकर एक सिलिंडर को दूसरे सिलिंडर के नाब से जोड़ रहा है।

इसके बाद तेजी से गैस निकलने लगती है। इसके बाद वीडियो बनाने वाला व्यक्ति गोदाम से बाहर निकल आता है। उसने गोदाम के बाहर ऊपर लिखे हिस्से को भी वीडियो में दिखाया है। वापस गोदाम में पहुंचा तो पहले वाला व्यक्ति रीफिलिंग में जुटा दिखता है।

मानीराम इंडेन गैस सर्विस में अनियमितता की पुष्टि हुई है। कंपनी के दो अधिकारी जांच कर रहे हैं। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद मार्केटिंग डिसिप्लिन गाइडलाइन (एमडीजी) के तहत भारी जुर्माना लगाया जाएगा। सभी एजेंसियों की जांच कराई जाएगी।

-

-रवि कुमार चंदेरिया, उप महाप्रबंधक, इंडियन आयल गोरखपुर क्षेत्र