गोरखपुर के ‘डॉक्टर’ को पिस्टल की खेप देने आए युवक को एसटीएफ ने दबोचा, मध्य प्रदेश से की थी तस्करी
एसटीएफ ने गोरखपुर में मध्य प्रदेश से लाई गई पिस्टल बेचने आए एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास ...और पढ़ें

पकड़ा गया असलहा तस्कर रमेश दत्त त्रिपाठी। सौ. एसटीएफ मीडिया सेल
HighLights
एसटीएफ ने गोरखपुर में पिस्टल बेचने आए युवक को पकड़ा।
मध्य प्रदेश के बुरहानपुर से लाई गई थीं दो पिस्टल।
सिक्टौर के डॉक्टर को देनी थी अवैध हथियारों की खेप।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। मध्य प्रदेश के बुरहानपुर से पिस्टल लाकर गोरखपुर में बेचने वाले युवक को एसटीएफ ने सोमवार की रात पैडलेगंज के पास गिरफ्तार किया है। उसके पास से दो .32 बोर की पिस्टल और एक कारतूस बरामद हुआ है।
प्रयागराज से रहने वाले आरोपित ने पूछताछ में बताया कि दोनों पिस्टल अपने साथी राजीव यादव के साथ जाकर से बुरहानपुर से ले आया था। अब एसटीएफ मध्य प्रदेश से गोरखपुर तक फैले असलहा नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
यह है पूरा मामला
पकड़ा गया आरोपित रमेश दत्त त्रिपाठी उर्फ बोलबंम उर्फ अभिषेक पंडित उर्फ छोटू पुत्र अनिल दत्त प्रयागराज के नैनी थाना क्षेत्र के यमुनानगर स्थित विनायक नगर में नमक फैक्ट्री के पीछे का रहने वाला है। सोमवार की रात को एसटीएफ ने उसे पैडलेगंज के पास उस समय पकड़ा, जब वह सिक्टौर के पास रहने वाले डॉक्टर नाम के व्यक्ति का इंतजार कर रहा था।
पूछताछ में रमेश ने बताया कि उसने दोनों पिस्टल 12-12 हजार रुपये में खरीदी थीं। गोरखपुर में इन्हें 15 से 20 हजार रुपये मुनाफे पर बेचने आया था। एसटीएफ ने आरोपित का मोबाइल फोन कब्जे में लिया है।
मोबाइल में मिले नंबरों और बातचीत के आधार पर यह पता लगाया जा रहा है कि राजीव यादव से उसका संपर्क कैसे हुआ, बुरहानपुर से पिस्टल लाने का सिलसिला कब से चल रहा था और गोरखपुर में अब तक कितने लोगों तक असलहा पहुंचाया गया। मध्य प्रदेश से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
सीओ कैंट अरुण कुमार एस ने बताया कि आरोपित पर आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ में सामने आई कड़ियों के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
यह भी पढ़ें- साइबर अपराधियों ने महिला डॉक्टर को मुंबई से किया था डिजिटल अरेस्ट, हार्डवेयर दुकानदार गिरफ्तार
यह भी पढ़ें- वर्दी में '420'! UP पुलिस के दो सिपाहियों के साथ मिलकर नकली नोट चलाने वाले हिस्ट्रीशीटर समेत 5 गिरफ्तार
