गोरखपुर में चोरी की बिजली से मदरसे में चला रहे थे दो एसी, कई पंखे; FIR दर्ज
गोरखपुर के तुर्कमानपुर में बिजली विभाग की विजिलेंस टीम ने छापेमारी कर एक मदरसे में दो एसी सहित अन्य उपकरण ...और पढ़ें

केबल बाक्स में सीधे जोड़ दिया था कनेक्शन। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
तुर्कमानपुर मदरसे में दो एसी चोरी की बिजली से चल रहे थे।
केबल बॉक्स में सीधे कनेक्शन जोड़कर बिजली चोरी की जा रही थी।
बकायेदार घर में स्मार्ट मीटर से पहले कटिया लगाकर चोरी।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। बिजली चोरों के खिलाफ अभियान तेज हुआ तो रोजाना नए-नए मामले सामने आ रहे हैं। शनिवार को नार्मल उपकेंद्र से जुड़े तुर्कमानपुर में बिजली निगम की विजिलेंस टीम ने छापा मारा तो एक मदरसा में चोरी की बिजली से दो एसी और अन्य उपकरण चलते मिले। गंभीर बात यह है कि मदरसा संचालक ने बिजली के केबल बाक्स में ही कनेक्शन जोड़ रखा था। यह बिना बिजलीकर्मियों की मिलीभगत के संभव नहीं है।
आरोप है कि कई साल से मदरसा में बिना वैध कनेक्शन बिजली का उपभोग हो रहा था। यहां पांच किलोवाट क्षमता की बिजली चोरी मिली है। तुर्कमानपुर में ही एक घर की बकाये में बिजली कटी तो स्मार्ट मीटर के पहले कटिया लगाकर चोरी की जाने लगी।
बिजली निगम की विजिलेंस प्रथम टीम के प्रभारी विरेंद्र राय ने बताया कि राजघाट थाना क्षेत्र के तुर्कमानपुर में अजहर शम्शी मदरसा का संचालन करते हैं। शनिवार को परिसर की जांच में बिजली का वैध कनेक्शन नहीं मिला। परिसर में बिजली का 5.53 किलोवाट उपभोग मिला। यहीं के सगे भाई अब्दुल फराज व अब्दुल बिलाल के आवास में बिजली चोरी मिली।
परिसर में चार किलोवाट क्षमता का बिजली कनेक्शन है लेकिन एक लाख रुपये से ज्यादा के बकाये में बिजली कटी हुई है। रुपये जमा करने की जगह स्मार्ट मीटर के पहले केबल काटकर बिजली का उपभोग हो रहा था। यहां सात किलोवाट से ज्यादा क्षमता की बिजली चोरी मिली है। दोनों के खिलाफ एफआइआर दर्ज करा दी गई है।
टीम में उपखंड अधिकारी आशीष गुप्ता, अवर अभियंता राजेश कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक प्रभात तिवारी, महिला मुख्य आरक्षी विभा सिंह, मुख्य आरक्षी शिवप्रकाश शुक्ला, आरक्षी विपिन कनौजिया भी शामिल रहे।
यह भी पढ़ें- पूर्वोत्तर रेलवे में 607.7 किलोमीटर रूट पर 'कवच' 4.0 लगाने के लिए 252 करोड़ मंजूर, रुकेंगे हादसे
बकाये में कनेक्शन काटने के बाद नहीं हो रही निगरानी
बिजली निगम में सामान्यत: माना जाता है कि बिना बिजली कोई ज्यादा देर तक नहीं रह सकता है। ऐसे में बकाये में कनेक्शन काटने के बाद संबंधित उपभोक्ताओं के परिसर की निगरानी की जाती है लेकिन ऐसा हो नहीं रहा है। बकाये में कनेक्शन कटने के बाद उपभोक्ता कटिया लगाकर बिजली का उपभोग कर रहे हैं लेकिन न तो अभियंताओं और न ही कर्मचारियों को इसकी जानकारी हो पा रही है।
