गोरखपुर करंट हादसा: शव पहुंचते ही मचा कोहराम, कड़ी सुरक्षा में हुआ तीनों का अंतिम संस्कार
गोरखपुर के गुलरिहा में प्रतिमा विसर्जन के दौरान हाईटेंशन करंट से जान गंवाने वाले तीन युवकों का गुरुवार को कड़ी ...और पढ़ें

रोते बिलखते परिजन। जागरण
HighLights
गुलरिहा में हाईटेंशन करंट से तीन युवकों की मौत।
कड़ी सुरक्षा के बीच कोलुहा घाट पर अंतिम संस्कार।
बिजली विभाग के खिलाफ मुकदमा दर्ज, कार्रवाई की मांग।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। गुलरिहा क्षेत्र में प्रतिमा विसर्जन के दौरान हाईटेंशन करंट की चपेट में आकर जान गंवाने वाले तीनों युवकों का गुरुवार को कड़ी सुरक्षा के बीच अंतिम संस्कार किया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव में दुर्गा पंडाल के पास पहुंचा तो स्वजन और ग्रामीणों में चीख-पुकार मच गई।
इसके बाद घर से करीब दो किलोमीटर दूर कोलुहा घाट तक तीनों के शव पैदल कंधे पर ले जाए गए। घाट पर मृतक लक्की और विक्की के पिता शिवशंकर तथा चंदन के पिता केदार ने मुखाग्नि देकर बेटों का अंतिम संस्कार किया।
गुरुवार दोपहर मृतक चंदन के भाई दिनेश, चचेरे भाई विनोद चौहान और लक्की व विक्की के चाचा पंचदेव पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। ढाई बजे लक्की और विक्की के पिता शिवशंकर भी हैदराबाद से पहुंच गए। इसके बाद विधिक प्रक्रिया पूरी कर दो डाक्टरों के पैनल ने दोपहर तीन बजे वीडियोग्राफी के बीच तीनों शवों का पोस्टमार्टम शुरू किया।
करीब एक घंटे तक पोस्टमार्टम की प्रक्रिया चली। इस दौरान स्वजन बिजली विभाग के कर्मचारियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा करते रहे। सीओ गोरखनाथ की तरफ से मुकदमा दर्ज होने की जानकारी दिए जाने पर स्वजन शांत हुए।
इसके बाद शाम चार बजे तीनों युवकों का शव जंगल अयोध्या प्रसाद स्थित दुर्गा पंडाल के बाहर लाए गए। शव पहुंचते ही वहां मौजूद स्वजन और सैकड़ों ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। आधे घंटे बाद तीनों शवों को कंधे पर रखकर गांव से दो किलोमीटर दूर कोलुहा घाट ले जाया गया। वहां भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। घटना के बाद गांव में तनाव की आशंका को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
यह भी पढ़ें- बस्ती में शिक्षक MLC चुनाव के लिए मतदान शुरू, सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त
मौके पर एसडीएम सदर, सीओ गोरखनाथ, सीओ एलआइयू समेत गोरखनाथ, शाहपुर और गुलरिहा थानों के प्रभारी तथा पुलिसकर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी कराई गई।
यह भी पढ़ें- शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए महराजगंज के 11 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा में मतदान शुरू, शाम चार बजे तक चलेगी वोटिंग
