विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर गर्ल्स हॉस्टल कांड: 'सफाई की आड़ में गंदा खेल'... वार्डन के फोन से मिले 7 आपत्तिजनक वीडियो

Published: Thu, 10 Sep 2026 04:04 PM (IST)

गोरखपुर के मोहद्दीपुर स्थित गर्ल्स हॉस्टल के बाथरूम में छात्राओं की वीडियो रिकॉर्डिंग करने के मामले में महिला वार्डन का ...और पढ़ें

AI Image

AI Image

HighLights

  1. गोरखपुर हॉस्टल बाथरूम में छात्राओं की वीडियो रिकॉर्डिंग का मामला।

  2. वार्डन ने पैड फेंकने वालों पर नजर रखने का बहाना बनाया।

  3. पुलिस को वार्डन के फोन से 6-7 आपत्तिजनक वीडियो मिले।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। गर्ल्स हास्टल के बाथरूम में मोबाइल फोन से छात्राओं की वीडियो रिकार्ड करने के मामले में महिला वार्डेन का तर्क पुलिस को भी जांच का विषय नजर आ रहा है। पूछताछ में वार्डेन ने कहा कि कुछ छात्राएं इधर-उधर पैड फेंककर गंदगी फैलाती हैं।

इसी पर नजर रखने के लिए मोबाइल फोन को रिकार्डिंग मोड में बाथरूम में रखा गया था। हालांकि, पुलिस की अब तक की जांच में मोबाइल फोन में छह से सात आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं। फोन को कब्जे में लेकर पुलिस वीडियो की अवधि और रिकार्डिंग से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

मोबाइल मिलने के बाद छात्राओं ने आशंका जताई कि बाथरूम में उनकी रिकार्डिंग का सिलसिला कई दिनों से चल रहा था। पुलिस अब यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मोबाइल फोन में मिले वीडियो कब के हैं और उन्हें कहीं साझा किया गया है या नहीं। कैंट पुलिस ने महिला वार्डेन का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। छात्राओं के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।

मोहद्दीपुर के किराए के मकान में संचालित इस हास्टल का संचालन किया जा रहा है। मकान मालिक के अनुसार महिला ने मकान किराए पर लेकर गर्ल्स हास्टल संचालित कर रखा है। उनके अनुसार, इससे पहले इस तरह की कोई शिकायत सामने नहीं आई थी। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

क्या वीडियो के पीछे किसी रैकेट का कनेक्शन?
मोहद्दीपुर के गर्ल्स हास्टल में बाथरूम के भीतर मोबाइल फोन छिपाकर छात्राओं की वीडियो रिकार्डिंग किए जाने के मामले में छात्राओं ने कुछ वीडियो प्रसारित होने की आशंका जताई है। पुलिस की जांच में मोबाइल फोन से छह से सात आपत्तिजनक वीडियो मिलने की बात सामने आई है।

अगस्त 2025 में आजमगढ़ के एक गर्ल्स हास्टल में बाथरूम में छिपकर छात्राओं के वीडियो बनाने का मामला सामने आया था। गोरखपुर की इस घटना की तरह उस मामले में भी छात्राओं ने आरोपित को पकड़कर पुलिस को सौंपा था। पुलिस ने उसके मोबाइल और लैपटाप की जांच की तो करीब 40 अश्लील वीडियो मिलने की बात सामने आई थी। आरोपित पर छात्राओं को वीडियो प्रसारित करने की धमकी देने का भी आरोप लगा था।

यह भी पढ़ें- गर्ल्स हॉस्टल के बाथरूम में रिकॉर्डिंग करता मिला मोबाइल, नहाते वक्त अचानक लड़कियों की पड़ी नजर और मचा बवाल; जांच में जुटी गोरखपुर पुलिस

इसी तरह प्रयागराज में भी 2022 में गर्ल्स हास्टल के बाथरूम में स्पाई कैमरा लगाकर छात्राओं की रिकार्डिंग का मामला सामने आ चुका है। जांच में कैमरे की रिकार्डिंग के साथ डीवीआर मिलने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। बाद में मामले में आइटी एक्ट समेत अन्य धाराएं भी लगाई गई थीं।

मोहद्दीपुर के मामले में अभी किसी रैकेट से जुड़ाव का कोई तथ्य सामने नहीं आया है। इसलिए पुलिस के लिए यह पता लगाना महत्वपूर्ण होगा कि मोबाइल में मिले वीडियो केवल इसी हास्टल की छात्राओं के हैं या कहीं और के भी हैं, रिकार्डिंग कितने समय से हो रही थी और वीडियो किसी व्यक्ति अथवा इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर भेजे गए या नहीं।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में उतरीं हाईटेक डबल डेकर बसें, 65 की स्पीड से भरेगी रफ्तार, सीट बेल्ट होगा अनिवार्य