विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में उतरीं हाईटेक डबल डेकर बसें, 65 की स्पीड से भरेगी रफ्तार, सीट बेल्ट होगा अनिवार्य

Published: Thu, 10 Sep 2026 11:50 AM (IST)

गोरखपुर में नई इलेक्ट्रिक एसी डबल डेकर बसें शुरू हुई हैं, जिनकी गति 65 किमी/घंटा तक सीमित है और सभी ...और पढ़ें

HighLights

  1. बस की गति 65 किमी/घंटा तक सीमित, सुरक्षित यात्रा।

  2. सभी 66 सीटों पर सीट बेल्ट अनिवार्य, यात्रियों की सुरक्षा।

  3. मोबाइल चार्जर, सीसीटीवी, फायर डिटेक्शन सिस्टम जैसी सुविधाएं।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। सुविधा संपन्न इलेक्ट्रिक एसी डबल डेकर बस का सफर न सिर्फ सुहाना होगा, बल्कि सुरक्षित भी होगा। इस बस में स्पीड लिमिटिंग डिवाइस (एसएलडी) लगी है, जिसके माध्यम से बस की गति को नियंत्रित कर दिया गया है। यह बस 65 किमी प्रति घंटे की अधिक रफ्तार से नहीं चलेगी। यानी, यात्रियों को झटके नहीं लगेंगे।

सभी 66 सीटों पर सीट बेल्ट की सुविधा है, यात्रियों के लिए सीट बेल्ट लगाना अनिवार्य होगा। सीट के बगल में दो-दो मोबाइल चार्जर प्वाइंट लगे हैं। यात्रियों को मोबाइल चार्ज करने में भी कोई परेशानी नहीं होगी। बस में चार सीसी कैमरे लगे हैं, चालक डिस्प्ले बोर्ड पर यात्रियों की हर गतिविधियों पर नजर रख सकेगा। बस में फायर डिटेक्शन सिस्टम भी लगा है, धुआं उठते ही अलार्म बज जाएगा। गेट बंद होने पर ही बस आगे के लिए रवाना होगी।

फिलहाल, गोरखपुर डिपो के बेड़े में तीन इलेक्ट्रिक एसी बस शामिल हो गई है। एक बस गोरखपुर-कसया रूट पर चलने लगी है। दो और बसें भी गोरखपुर पहुंच गई हैं। उन्हें गोरखपुर-महराजगंज रूट पर चलाने की योजना है।

परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक लव कुमार सिंह बताते हैं कि किराया साधारण बस सेवा से छह प्रतिशत अधिक लग रहा है। अन्य इलेक्ट्रिक व एसी बसों से किराया कम है। आने वाले दिनाें में गोरखपुर परिक्षेत्र में एसी इलेक्ट्रिक के अलावा डबल डेकर बसें भी चलाई जाएंगी।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में बैंक हड़ताल: तीन दिन बंद रहेंगे बैंक, 500 करोड़ का कारोबार होगा प्रभावित

दरअसल, पर्यावरण संरक्षण और सरकार की ईंधन की खपत कम करने की अपील पर परिवहन निगम ने इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को लेकर अहम कदम उठाया है। गोरखपुर डिपो से अयोध्या, वाराणसी, तमकुहीराज, सलेमपुर और सोनौली आदि रूटों पर पहले से ही 20 इलेक्ट्रिक एसी बसें चल रही हैं।

शासन ने नगरीय क्षेत्र के लिए भी 150 वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसों को भी मंजूरी दे दी है। महानगर के विभिन्न रूटों पर 25 इलेक्ट्रिक बसें पहले से ही चलाई जा रही हैं।

यह भी पढ़ें- स्पा सेंटर के नाम पर चल रहा था देह व्यापार का गंदा खेल, गोरखपुर पुलिस ने सिंडिकेट पर कसा 'गैंगस्टर एक्ट' का शिकंजा