देशभर में कल से तीन दिन बंद रहेगा बैंक हड़ताल, बैंकिंग सेवाएं रहेंगी ठप
गोरखपुर में बैंककर्मियों की हड़ताल के कारण 11 सितंबर से लगातार तीन दिन बैंक बंद रहेंगे, जिससे लगभग 500 करोड़ ...और पढ़ें
-1789023030559_m.webp)
वार्ता विफल होने के बाद बैंककर्मियों ने कसी कमर। जागरण
HighLights
गोरखपुर में बैंक हड़ताल के कारण लगातार तीन दिन बैंक बंद रहेंगे।
जिले में करीब 500 करोड़ रुपये का बैंकिंग कारोबार प्रभावित होने की आशंका।
यूएफबीयू की प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय बैंकिंग और पेंशन अपडेशन।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। बैंक प्रबंधन, वित्त मंत्रालय और यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के बीच केंद्रीय श्रमायुक्त कार्यालय में दो दिनों से चल रही वार्ता विफल हो गई। इसके बाद 11 सितंबर को प्रस्तावित देशव्यापी बैंक हड़ताल तय हो गई है। ऐसे में शुक्रवार की हड़ताल की वजह से शनिवार और रविवार को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण बैंक लगातार तीन दिन बंद रहेंगे। इससे जिले में करीब 500 करोड़ रुपये का बैंकिंग कारोबार प्रभावित होने की आशंका है।
हड़ताल में स्टेट बैंक समेत जिले के सभी राष्ट्रीयकृत बैंकों के करीब 3000 अधिकारी-कर्मचारी शामिल होंगे। यूएफबीयू में एआइबीईए, एआइबीओसी, एनसीबीई, एआइबीओए, बीईएफआइ, आइएनबीओसी और आइएनबीईएफ समेत सात यूनियनें शामिल हैं। ये बैंकिंग कार्यबल के 90 प्रतिशत से अधिक का प्रतिनिधित्व करती हैं। यूएफबीयू गोरखपुर के संयोजक यूपीएन सिंह ने बताया कि इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, यूपीआइ और एटीएम जैसी डिजिटल सेवाएं उपलब्ध रहने की उम्मीद है, लेकिन नकदी लेनदेन प्रभावित हो सकता है।
ऑल इंडिया बैंक आफिसर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय सचिव डीएन त्रिवेदी ने बताया कि सार्वजनिक, निजी, विदेशी और ग्रामीण बैंकों के करीब आठ लाख अधिकारी-कर्मचारी हड़ताल में शामिल होंगे। यूएफबीयू की प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय बैंकिंग, बैंक अधिकारियों के लिए प्रस्तावित पीएलआइ की समान योजना, आइडीबीआइ के विदेशीकरण पर रोक और पेंशन अपडेशन शामिल हैं। 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की हड़ताल भी प्रस्तावित है। मांगें नहीं मानी गईं तो अक्टूबर के अंत में अनिश्चितकालीन हड़ताल का प्रस्ताव है।
