गोरखपुर के गोलघर का बदलेगा लुक, चौड़े डिवाइडर और डिजाइनर लाइटों से चमकेगा प्रमुख बाजार
गोरखपुर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र गोलघर की सड़कें सीएम ग्रिड योजना के तहत नए और आकर्षक स्वरूप में नजर आएंगी। ...और पढ़ें
-1794379254909_m.webp)
यह तस्वीर AI द्वारा बनाई गई है।
HighLights
काली मंदिर से कचहरी तक डेढ़ मीटर चौड़ा डिवाइडर बनेगा।
डिवाइडर पर छह मीटर ऊंची डिजाइनर लाइटें लगाई जाएंगी।
फुटपाथ निर्माण पूरा, पार्किंग स्थलों पर पत्थर लगेंगे जल्द।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र गोलघर की सड़कें जल्द नए और आकर्षक स्वरूप में नजर आएंगी। सीएम ग्रिड योजना के तहत काली मंदिर से कचहरी चौराहे तक सड़क के बीच डेढ़ मीटर चौड़ा डिवाइडर बनाया जाएगा। डिवाइडर के बीच छह मीटर ऊंची डिजाइनर लाइटें लगाई जाएंगी, जो रात में गोलघर की सुंदरता बढ़ाने के साथ सड़क को रोशन भी करेंगी।
इसके अलावा छह फीट ऊंचे पेड़-पौधे और हेजेज लगाकर डिवाइडर को हरियाली से सजाया जाएगा। गोलघर में पहले से बने डिवाइडर के स्थान में थोड़ा बदलाव करते हुए बलदेव प्लाजा की तरफ बनाते हुए डेढ़ मीटर चौड़ा किया जाएगा।
डिवाइडर के निर्माण और सुंदरीकरण के संबंध में नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि सड़क के बीच डिवाइडर को इस तरह विकसित किया जाएगा कि यातायात व्यवस्था के साथ ही क्षेत्र की सुंदरता भी बढ़े। डिवाइडर पर डिजाइनर लाइटें लगाने की योजना है। इनकी ऊंचाई छह मीटर होगी। वहीं, छह फीट ऊंचे पेड़-पौधे और हेजेज लगाए जाएंगे। इससे गोलघर की सड़कें व्यवस्थित और आकर्षक दिखाई देंगी।
फुटपाथ का काम लगभग पूरा, पार्किंग स्थलों पर लगेंगे पत्थर
नगर निगम के अवर अभियंता अवनीश कुमार भारती ने कहा कि सीएम ग्रिड के तहत गोलघर में फुटपाथ बनाने का काम करीब पूरा हो चुका है। फुटपाथ के किनारे कई स्थानों पर वाहनों की पार्किंग के लिए जगह बनाई गई है। इन पार्किंग स्थलों पर पत्थर लगाने का काम भी जल्द शुरू होगा। इससे सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े होने वाले वाहनों को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी। फुटपाथ और पार्किंग के बीच बेहतर तालमेल से पैदल चलने वालों को भी सहूलियत मिलेगी।
यह भी पढ़ें- ममता के 'आंचल' से अन्नदाताओं को मिल रही समृद्धि की राह, महीने में कमा रहीं 20 से 25 हजार
बार-बार सड़क खोदने की नहीं पड़ेगी जरूरत
सीएम ग्रिड की सड़कों को भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है। इसके तहत केबल, नाली और फाइबर आप्टिकल सहित अन्य सुविधाओं के लिए अलग से व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य यह है कि भविष्य में इन सुविधाओं को बिछाने या मरम्मत करने के लिए बार-बार सड़क की खोदाई न करनी पड़े। इससे सड़क की गुणवत्ता बनी रहेगी और लोगों को निर्माण कार्यों के कारण होने वाली परेशानी से भी राहत मिलेगी।
सीएम ग्रिड के तहत सड़कों का निर्माण केवल आवागमन बेहतर बनाने तक सीमित नहीं है। इसमें सड़क, फुटपाथ, पार्किंग, डिवाइडर, रोशनी और अन्य बुनियादी सुविधाओं को एक साथ विकसित किया जा रहा है। गोलघर में डिवाइडर और डिजाइनर लाइटों के साथ हरियाली विकसित होने से इस प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र का स्वरूप भी बदलेगा।
-अशोक भाटी, अधिशासी अभियंता, नगर निगम