विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कैमरा ऑन, 3 घंटे रिकॉर्डिंग... गोरखपुर हॉस्टल के बाथरूम में मोबाइल देख उड़ गए छात्राओं के होश

Published: Fri, 11 Sep 2026 11:16 AM (GMT+05:30)

गोरखपुर के उत्तम गर्ल्स हॉस्टल में बाथरूम में मोबाइल फोन से रिकॉर्डिंग का मामला सामने आया है। वार्डन आरती सिंह ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

HighLights

  1. बाथरूम में मोबाइल फोन से तीन घंटे की रिकॉर्डिंग हुई।

  2. करीब 25 छात्राएं डरकर हॉस्टल छोड़कर घर चली गईं।

  3. वार्डन आरती सिंह के मोबाइल की फोरेंसिक जांच होगी।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। उत्तम गल्र्स हास्टल के बाथरूम में मोबाइल फोन रखकर कैमरा आन किए जाने और करीब तीन घंटे तक रिकार्डिंग होने के मामले ने छात्राओं और उनके परिवारों को डरा दिया है। घटना सामने आने के बाद हास्टल में रहने वाली करीब 25 छात्राओं को उनके परिवार वाले घर ले गए।

गोरखपुर, देवरिया और आसपास के जिलों की ये छात्राएं यहां किराये पर रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थीं। अब पुलिस के कब्जे में मौजूद वार्डेन के मोबाइल की फोरेंसिक जांच से राज खुलेगा कि बाथरूम में मोबाइल फोन के कैमरे से रिकार्डिंग कबसे और क्यों की जा रही थी। उसे कहीं भेजा गया है या नहीं। पुलिस ने महिला वार्डन को नोटिस देकर छोड़ दिया है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मंगलवार की शाम को मोहद्दीपुर स्थित गर्ल्स हास्टल के बाथरूम में मोबाइल फोन रखा गया था। उसका कैमरा आन होने के साथ ही करीब तीन घंटे की रिकार्डिंग हुई थी। मोबाइल मिलने के बाद छात्राओं में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मोबाइल फोन को जब तक कब्जे में लिया उसकी सारी रिकार्डिंग डिलीट कर दी गई गई थी।

अब फोरेंसिक जांच में मोबाइल की रिकार्डिंग, डिलीट किए गए डाटा और उसकी तकनीकी गतिविधियों की जांच होगी। पुलिस यह भी पता लगाएगी कि रिकार्डिंग किसी अन्य मोबाइल, कंप्यूटर या इंटरनेट मीडिया पर भेजी गई थी या नहीं। घटना की जानकारी मिलने के बाद हास्टल में रहने वाली छात्राएं डर गईं। करीब 25 छात्राएं अपने परिवार के साथ घर चली गईं।

इनमें गोरखपुर, देवरिया और आसपास के जिलों की छात्राएं शामिल हैं। घटना के बाद अभिभावक भी हास्टल संचालक से संपर्क कर रहे हैं। उनका कहना है कि अब वे अपनी बेटियों को यहां नहीं रखेंगे, इसलिए जमा की गई फीस वापस की जाए। कई परिवारों ने पुलिस से भी फीस वापस कराने में मदद की गुहार लगाई है।

इस मामले में कैंट थाना पुलिस ने देवरिया की रहने वाली एक युवती की तहरीर पर कैंट थाना पुलिस ने बुधवार की रात उत्तम गल्र्स हास्टल की वार्डेन आरती सिंह के विरुद्ध निजता का हनन करने का मुकदमा दज्र किया है। पुलिस ने वार्डन रात में ही वार्डेन पूछताछ की और नोटिस देकर छोड़ दिया। उसका मोबाइल फोन भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।

एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मोबाइल और उसमें मिली रिकॉर्डिंग की फोरेंसिक जांच कराई जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- रेलवे के नए नियम: स्टेशन मास्टर की अनुमति से ही खुलेंगे समपार फाटक, सुरक्षा होगी पुख्ता

मोबाइल मिलने पर छात्राओं ने किया था हंगामा
मंगलवार की रात में मोहद्दीपुर स्थित गर्ल्स हास्टल के बाथरूम में वीडियो रिकार्डिंग चालू कर छिपाया गया मोबाइल फोन मिलने पर हड़कंप मच गया था। 20 कमरों में रहने वाली 26 छात्राओं ने हंगामा करते हुए कैंट थाना पुलिस को घटना की सूचना दी।

दो दिन पहले हास्टल में आयी देवरिया जिले की रहने वाली छात्रा ने मोबाइल फोन देखा था। फोन को बाथरूम में टिनशेड के ऊपर फंसाया गया था। बुधवार को मामले की जानकारी होने पर कैंट थाना पुलिस ने हास्टल पहुंचकर जांच की थी।

यह भी पढ़ें- पूर्वोत्तर रेलवे में सीतापुर से बुढ़वल तक तीसरी व चौथी लाइन को मंजूरी, UP में 49 रेल परियोजनाएं स्वीकृत