विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लोन पर वाहन खरीदने वालों को नहीं मिलेगा मुफ्त राशन, कार्ड सत्यापन के बाद पात्रता सूची से कटेगा नाम

Published: Tue, 17 Nov 2026 11:50 AM (IST)

गोरखपुर में 50,000 से अधिक राशनकार्डों का सत्यापन होगा, जिसमें लोन पर वाहन खरीदने वाले और आयकरदाता अपात्र घोषित किए जाएंगे।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। स्रोत- आर्काइव

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। स्रोत- आर्काइव

HighLights

  1. गोरखपुर में 50 हजार से अधिक राशनकार्डों का सत्यापन होगा।

  2. लोन पर वाहन खरीदने वाले मुफ्त राशन के अपात्र होंगे।

  3. उच्च आय, संपत्ति वाले भी पात्रता सूची से हटाए जाएंगे।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। मुफ्त राशन लेने वाले 50 हजार से ज्यादा लाभार्थियों के राशनकार्ड का सत्यापन होने जा रहा है। इनमें से कई ने लोन लेकर गाड़ी खरीदी है तो कई ने खेत या मकान खरीदा है। कई राशनकार्डधारकों के परिवार के सदस्यों की आय ज्यादा हो चुकी है तो कुछ ऐसे भी हैं जो आयकर दे रहे हैं, लेकिन मुफ्त राशन भी ले रहे हैं। इनमें कुछ अन्त्योदय कार्डधारक भी हैं।

जिला पूर्ति विभाग इसी महीने इन लाभार्थियों का सत्यापन कराएगा। सत्यापन के बाद इन कार्डों का बंद होना तय है। इसके बाद पात्रों का कार्ड बनने का रास्ता साफ हो जाएगा।

आधार कार्ड के डाटा से राशनकार्ड बनाया जाता है। आधार नंबर से संबंधित लाभार्थी के बैंक खाते के ब्योरा के साथ ही आय-व्यय आदि की पूरी जानकारी मिल जाती है।

यदि लाभार्थी ने लोन लिया, कार, जमीन या मकान खरीदा तो उसके आधार नंबर से सभी डाटा का मिलान आटोमेटिक हो जाता है। इसके आधार पर ऐसे लाभार्थियों को संदिग्ध की श्रेणी में डाल कर जांच कराई जाती है।

एक लाख से ज्यादा कार्ड हो चुके हैं निरस्त

हाल के कुछ वर्षों में जिला पूर्ति विभाग अपात्र मिलने पर एक लाख से ज्यादा राशनकार्ड निरस्त कर चुका है। इनकी जगह पात्रों को मौका मिला है।

जिले में कार्डधारकों व लाभार्थियों की संख्या

योजना / श्रेणी कार्डधारक लाभार्थी
अन्त्योदय कार्ड 1,26,392 4,48,231
पात्र गृहस्थी 6,82,604 27,20,796
कुल 8,08,996 31,69,027

यह हो जाते हैं अपात्र

  • उच्च आय: ग्रामीण क्षेत्रों में वार्षिक पारिवारिक आय दो लाख रुपये और शहरी क्षेत्रों में तीन लाख रुपये से अधिक होने पर व्यक्ति अपात्र होता है।
  • महंगी संपत्ति और वाहन: यदि परिवार के पास चार पहिया वाहन (कार, ट्रैक्टर), एयर कंडीशनर या बड़ा जनरेटर है तो वह अपात्र हो जाते हैं।
  • भूमि और आवास: लाभार्थी के पास 100 वर्ग मीटर से अधिक का प्लाट, फ्लैट या पक्का मकान है, तो वह अपात्र माने जाते हैं।
  • सरकारी नौकरी और टैक्स: यदि परिवार का कोई सदस्य सरकारी नौकरी में है या वह आयकर भरता है, तो उसे राशनकार्ड नहीं मिल सकता।
  • लाइसेंस: एक से अधिक लाइसेंसी हथियार रखने वाले व्यक्ति भी राशनकार्ड के लिए अपात्र हैं।

50 हजार से ज्यादा राशनकार्डधारकों का सत्यापन किया जाना है। इनका डाटा भारत सरकार से मिला है। अपात्र मिलने पर राशनकार्ड निरस्त कर दिया जाएगा। अपात्र होने के बाद भी राशन लेने वालों को कार्ड सरेंडर कर देना चाहिए। इससे जरूरतमंदों को योजना का लाभ दिया जा सकेगा।

-अजय प्रताप सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी

यह भी पढ़ें- यूपी में मुफ्त राशन के लिए नया मोबाइल खरीदने की जरूरत नहीं, फिंगर प्रिंट मैच ना होने पर उसी दिन मिलेगी ये सुविधा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।