गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर एफओबी निर्माण में देरी, छठ पर्व पर यात्रियों की मुश्किलें बढ़ीं
गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज (FOB) के निर्माण में भारी देरी से यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है, ...और पढ़ें

निर्माण संगठन के उच्च अधिकारी ने छठ पर्व तक निर्माण पूरा करने का किया था वादा। जागरण
HighLights
गोरखपुर एफओबी निर्माण तीन साल से अधिक समय से लंबित।
छठ पर्व तक पूरा होने का लक्ष्य, कार्य गति धीमी।
यात्रियों को भीड़ और संकरे पुलों पर भारी परेशानी।
प्रेम नारायण द्विवेदी, गोरखपुर। गोरखधाम एक्सप्रेस 07:30 घंटे की देर से शाम 05:30 बजे के आसपास प्लेटफार्म नंबर आठ पर पहुंची। भूखे-प्यासे यात्रियों की भीड़ स्टेशन से बाहर निकलने के लिए पूर्वी फुट ओवरब्रिज (एफओबी) की तरफ उमड़ पड़ी। जल्दबाजी में सीढ़ियों पर धक्कामुक्की शुरू हो गई। पीठ पर बैग, हाथों में थैला लिए रमेश, जगमोहन और जीतू आदि यात्री भीड़ देखकर किनारे खड़े हो गए।
चेहरे पर तनाव लिए बताने लगे, इतनी परेशानी तो नई दिल्ली के स्टेशन और रास्ते में नहीं हुई। गोरखपुर में एफओबी पर चढ़ने के लिए भी इंतजार करना पड़ रहा। एक साथ लंबी दूरी की कई ट्रेनों के पहुंचने पर यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं। प्लेटफार्म नंबर तीन-चार, पांच-छह और सात-आठ से फुट ओवरब्रिज से होकर स्टेशन से बाहर निकलना पहाड़ चढ़ने जैसा लगता है।
यात्रियों को स्टेशन से बाहर निकलने के लिए जिद्दोजहद करनी पड़ती है। करीब डेढ़ किमी लंबे प्लेटफार्म पर एक से दूसरे छोर तक चलने में सांसें फूल जाती हैं। बुजुर्ग, महिला और बच्चों को मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। इसके बाद भी रेलवे प्रशासन, स्टेशन के मुख्य एफओबी के निर्माण को लेकर उदासीन बना हुआ है।
रेलवे स्टेशन के एफओबी का नवनिर्माण दिसंबर 2025 में ही पूरा हो जाना था। पूर्व निर्धारित लक्ष्य बीत जाने के बाद दबाव बढ़ा तो निर्माण संगठन के उच्च अधिकारी ने कहा कि छठ पर्व तक निर्माण कार्य पूरा करा लिया जाएगा। छठ पर्व में लगभग 46 दिन शेष रह गए हैं। लेकिन निर्माण कार्य अभी तक धरातल से ऊपर नहीं उठ पाया है। न अधिकारियों का वादा फाइलों से बाहर आ पा रहा और न निर्माण कार्य तेजी पकड़ पा रहा।
कार्य की गति को देखकर लग रहा है कि एफओबी का निर्माण पूरा होने में और तीन साल लग जाएंगे। यह तब है जब छठ आदि पर्वों में यात्रियों की भीड़ को सहेजना बड़ी चुनौती होती है।
गोरखपुर जंक्शन से होकर रोजाना 100 से अधिक ट्रेनों का आवागमन होता है। एक लाख लोग आवाजाही करते हैं। इन यात्रियों के लिए दो पतले एफओबी हैं। त्योहारों में दो पतले एफओबी पर भीड़ बढ़ने पर दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। स्टेशन प्रबंधन और सुरक्षा बलों के माथे पर बल पड़ जाते हैं।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर आज ब्लॉक रहेगा प्लेटफार्म नंबर पांच व छह, नहीं चलेंगी ट्रेनें
तीन साल पहले बंद हुआ था फुट ओवरब्रिज
रेलवे स्टेशन का मुख्य एफओबी जर्जर होने पर 16 सितंबर 2023 को बंद कर दिया गया। तीन साल हो गए, लेकिन रेलवे प्रशासन अभी तक इसका विकल्प या नया एफओबी तैयार नहीं कर पाया। स्थिति यह है कि रेलवे स्टेशन के दो पतले फुट ओवरब्रिज से होकर हजारों लोग आवागमन करते हैं। एक तो विश्वस्तरीय स्टेशन पर सिर्फ दो एफओबी और ऊपर से लिफ्ट व एस्केलेटर की आए दिन खराबी, कोढ़ में खाज का काम करती है। रेलवे स्टेशन पर की गई जगह-जगह बैरिकेडिंग, खाेदे जा रहे गड्ढे, तोड़-फोड़ और कच्छप गति से चल रहे भवनों के निर्माण कार्य ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
