'सपा की तरह बात न करें...' जलभराव पर सांसद रवि किशन और पार्षद में तीखी नोकझोंक
गोरखपुर में मूसलाधार बारिश के बाद हुए भीषण जलभराव को लेकर सांसद रवि किशन और पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी के बीच ...और पढ़ें

बाएं से सांसद रवि किशन व बेतियाहाता वार्ड के पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी। जागरण
HighLights
गोरखपुर में मूसलाधार बारिश से शहर में भीषण जलभराव हुआ।
जलभराव पर सांसद रवि किशन और पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी में तीखी बहस।
पार्षद ने जनप्रतिनिधियों की अनुपस्थिति पर सवाल उठाए, राहत कार्यों की मांग।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। शनिवार को हुई मूसलाधार वर्षा के बाद शहर के कई हिस्सों में हुए भीषण जलभराव को लेकर जनप्रतिनिधियों के बीच भी तीखी बहस सामने आई। बेतियाहाता वार्ड के पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने जलभराव और राहत व्यवस्था को लेकर सांसद रवि किशन से मोबाइल फोन पर बातचीत की। बातचीत के दौरान दोनों के बीच तीखे शब्दों का आदान-प्रदान हुआ।
पार्षद ने कहा कि जलभराव के कारण हजारों लोगों को परेशानी के साथ लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है। ऐसे हालात में जनप्रतिनिधियों को प्रभावित लोगों के बीच पहुंचना चाहिए। उन्होंने सांसद से शहर में उनकी मौजूदगी को लेकर सवाल किया।
इस पर सांसद ने पार्षद से कथित तौर पर पूछा कि वह सपा पार्षद की तरह क्यों बात कर रहे हैं। जवाब में पार्षद ने भी पूछा कि क्या सांसद बसपा में शामिल होने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुद्दा शहर में हुए जलभराव और लोगों की परेशानी का है, इसे राजनीतिक चर्चा की ओर नहीं ले जाना चाहिए।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में बारिश के दौरान प्लेटफार्म पर कार चढ़ाने से मचा हड़कंप, यात्रियों की बची जान
पार्षद ने दावा किया कि पिछले 14 वर्षों में पहली बार इतने व्यापक स्तर पर जलभराव देखने को मिला है। उन्होंने सभी रेगुलेटर और पंप तत्काल चलाने की मांग की। सांसद ने जवाब दिया कि सभी रेगुलेटर चलाए जा रहे हैं। इसके बाद सांसद ने बाद में बात करने की बात कहते हुए फोन काट दिया। बातचीत शनिवार रात शहर में चर्चा का विषय बनी रही।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में बादल फटने जैसे हालात, छह मरे और 14 घायल
