गोरखपुर में CM योगी पर विवादित टिप्पणी कर घिरीं AISA अध्यक्ष नेहा बोरा, 3 थानों में तहरीर; FIR की मांग
गोरखपुर में आइसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले ने ...और पढ़ें
HighLights
नेहा बोरा ने सीएम योगी आदित्यनाथ के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की।
गोरखपुर के कैंट और पीपीगंज थानों में तीन शिकायतें दर्ज।
शिकायतकर्ताओं ने नेहा बोरा और आयोजकों पर एफआईआर की मांग की।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। शहर के गोकुल भवन में आयोजित कार्यक्रम में आइसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा द्वारा मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ के विरुद्ध कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है।
प्रकरण में मंगलवार को कैंट थाने में दो अलग-अलग शिकायतें और पीपीगंज थाने में एक तहरीर दी गई है। शिकायतकर्ताओं ने नेहा बोरा के साथ कार्यक्रम के आयोजकों पर भी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो और शिकायतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
ओबीसी पार्टी (वन भारत सिटीजन पार्टी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष काली शंकर यदुवंशी कार्यकर्ताओं के साथ कैंट थाने पहुंचे और तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की। उनका आरोप है कि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के विरुद्ध आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। साथ ही गोरखपुर की ऐतिहासिक भूमि को लेकर भी अभद्र टिप्पणी की गई। कार्रवाई न होने पर उन्होंने आंदोलन की चेतावनी दी।
इसी मामले में विश्व हिंदू महासंघ के जिला अध्यक्ष जनार्दन मिश्रा जे.डी. के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने कैंट प्रभारी को शिकायत दी। संगठन ने भाषण को अभद्र और भड़काऊ बताते हुए उपलब्ध वीडियो की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर बस हादसे में बड़ा खुलासा, चालक के पास नहीं था हैवी लाइसेंस
उधर, भाजपा युवा मोर्चा पीपीगंज मंडल अध्यक्ष आदर्श सिंह ने मंगलवार को पीपीगंज थाने में तहरीर दी। उन्होंने इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो के आधार पर नेहा बोरा के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में STF की बड़ी कार्रवाई, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के असलहा नेटवर्क का पर्दाफाश; 5 आरोपी गिरफ्तार
