गोरखपुर में दुर्गा पूजा-दशहरा के लिए गाइडलाइन जारी, धीमी आवाज में बजेंगे म्यूजिक सिस्टम; आपत्तिजनक गानों पर रोक
गोरखपुर में दुर्गा पूजा और दशहरा के लिए पीस कमेटी की बैठकें हुईं, जिसमें डीजे संचालकों और पूजा समितियों को शांतिपूर्ण त्योहार मनाने के निर्देश दिए गए।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
पीस कमेटी की बैठकों में त्योहारों की तैयारियों पर चर्चा हुई।
डीजे संचालकों को ध्वनि सीमा और समय का पालन करने के निर्देश।
आपत्तिजनक गानों पर रोक, सूर्यास्त से पहले प्रतिमा विसर्जन के आदेश।
संवाद सूत्र, हरपुर बुदहट/पिपरौली। दुर्गा पूजा और दशहरा को लेकर सोमवार को हरपुर बुदहट और गीडा थाने में पीस कमेटी की बैठक हुई। हरपुर बुदहट में तहसीलदार चंद्रशेखर वर्मा, एसपी नार्थ राजेश घुनावत और सीओ गीडा आभा सिंह की मौजूदगी में डीजे संचालकों और दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील की।
अधिकारियों ने म्यूजिक सिस्टम संचालकों से शासन द्वारा निर्धारित ध्वनि सीमा और समय का पालन करने को कहा। धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले और आपत्तिजनक गीत नहीं बजाने की हिदायत दी गई।
पूजा समितियों से दिन डूबने से पहले प्रतिमाओं का विसर्जन करने तथा जुलूस के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई। बैठक के बाद एसपी नार्थ राजेश घुनावत और सीओ गीडा आभा सिंह ने पुलिस बल के साथ हरपुर बुदहट चौराहे पर पैदल मार्च कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
वहीं, पिपरौली में गीडा थाने पर एसडीएम की अध्यक्षता में हुई बैठक में पूजा समितियों और संभ्रांत लोगों को विसर्जन के दौरान आपत्तिजनक गाने न बजाने तथा तेज आवाज पर रोक संबंधी निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।
