विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में डंपर ने कार को घसीटा, पुलिस ने घेराबंदी कर बचाई दो युवकों की जान

By Satish PandeyEdited By: Vivek Shukla
Published: Fri, 11 Sep 2026 07:24 AM (IST)

गोरखपुर में एक डंपर चालक ने कार को टक्कर मारकर करीब 100 मीटर तक घसीटा, जिसमें दो युवक फंसे थे। ...और पढ़ें

बाल-बाल बची दो की जान। जागरण

बाल-बाल बची दो की जान। जागरण

HighLights

  1. डंपर ने कार को टक्कर मारकर 100 मीटर तक घसीटा।

  2. कार में फंसे दो युवकों की जान पर बन आई।

  3. पुलिस ने घेराबंदी कर युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। नौसढ़ चौराहे पर गुरुवार देर रात डंपर चालक ने टक्कर के बाद ऐसा खतरनाक कदम उठाया कि कार में सवार दो युवकों की जान पर बन आई। पीछे से डिजायर कार में टक्कर मारने के बाद चालक रुकने की बजाय कार को घसीटते हुए राजघाट पुल की तरफ निकल गया।

कार के भीतर दोनों युवक मौजूद थे। संयोग से रात्रि गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों की नजर पड़ गई। आरक्षी राहुल कुशवाहा और विकास यादव ने डंपर को आगे से घेरकर रोक लिया। इसके बाद कार में फंसे दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

रामगढ़ताल क्षेत्र के रुस्तमपुर निवासी नवदीप तिवारी और कोतवाली क्षेत्र के नसीराबाद निवासी सौरभ अग्रवाल गुरुवार रात करीब 11:15 बजे गीडा स्थित महाराष्ट्रा फीड कंपनी में काम के सिलसिले में गए थे। दोनों डिजायर कार से लौट रहे थे। नौसढ़ चौराहे के पास पीछे से आए डंपर ने कार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार डंपर के आगे फंस गई। चालक ने ब्रेक लगाने के बजाय वाहन बढ़ा दिया।

WhatsApp Image 2026-09-11 at 7.16.08 AM

कार सड़क पर घिसटती हुई डंपर के साथ 100 मीटर तक आगे बढ़ती रही। भीतर बैठे दोनों युवक मदद के लिए चिल्ला रहे थे। डंपर राजघाट पुल की तरफ बढ़ रहा था। रात्रि गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों ने स्थिति देखी तो तत्काल आगे पहुंचकर डंपर को घेर लिया। पहले कार में फंसे दोनों युवकों को बाहर निकाला और फिर डंपर चालक को हिरासत में ले लिया।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर-बढ़नी डेमू ट्रेन पर बरसाए पत्थर, महिला यात्री को किया घायल; अस्पताल में भर्ती

डंपर चालक की पहचान संतकबीरनगर के महुली क्षेत्र के धनजौर निवासी हरिकेश पुत्र राजमन यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर मामले में नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी उत्तरी ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार मुकदमा दर्ज किया जाएगा। डंपर को कब्जे में ले लिया गया है।

यह भी पढ़ें- तीन शादियों के बाद प्रेमी के साथ फरार हुई महिला, चौकी में जमकर हुआ हंगामा