विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में रुपये के विवाद में CISF जवान की हुई थी हत्या, कैब चालक गिरफ्तार

Published: Fri, 16 Oct 2026 10:51 AM (IST)

गोरखपुर में सीआइएसएफ जवान की हत्या बकाया किराये को लेकर हुई थी। कैब चालक ने जवान को कार से धक्का ...और पढ़ें

धनबाद से घर लौटते समय हुई थी वारदात। जागरण

 धनबाद से घर लौटते समय हुई थी वारदात। जागरण

HighLights

  1. सीआइएसएफ जवान की हत्या बकाया किराये पर हुई।

  2. कैब चालक ने जवान को ईंट से हमला किया।

  3. गोरखपुर पुलिस ने आरोपित चालक को गिरफ्तार किया।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। किराये के बकाया रुपये को लेकर हुए विवाद में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ) के जवान की हत्या हुई थी। धनबाद से घर लौटते समय जवान और चालक के बीच कार के किराये की शेष रकम को लेकर विवाद हुआ था।

इसके बाद चालक ने जवान को कार से धक्का देकर गिरा दिया और पास में पड़ी ईंट से हमला कर दिया। घटना में जवान की मौत हो गई। मुकदमे की विवेचना के दौरान आरोपित की पहचान बलिया जिले के सुनील कुमार यादव के रूप में हुई। गीडा पुलिस ने कैब चालक को गिरफ्तार कर गुरुवार को विधिक कार्रवाई की।

पुलिस के मुताबिक, छह अक्टूबर को जवान के पिता ने गीडा थाने में तहरीर देकर बेटे की हत्या किए जाने की सूचना दी थी। इसके आधार पर अज्ञात आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस की जांच में सामने आया कि सीआइएसएफ में तैनात जवान कालेसर निवासी कर्मवीर यादव धनबाद में नौकरी कर रहे थे।

चार अक्टूबर को उन्होंने छुट्टी लेकर घर आने के लिए निजी कार बुक की थी। घर तक पहुंचाने के लिए 14 हजार रुपये किराया तय हुआ था। इसमें से सात हजार 800 रुपये अग्रिम भुगतान कर दिए गए थे। शेष रकम घर पहुंचने पर देनी थी। इसी बकाया रकम को लेकर रास्ते में चालक और जवान के बीच विवाद हो गया।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में भोजन सेवा की मिसाल बनीं सुप्रिया, हर दिन 100 लोगों को करा रहीं भोजन

पुलिस के अनुसार, गीडा थाना क्षेत्र के बोक्टा के पास विवाद बढ़ने पर चालक सुनील कुमार यादव ने जवान को कार से धक्का देकर नीचे गिरा दिया। इसके बाद पास में पड़ी ईंट से हमला कर दिया, जिससे जवान की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपित ने शव को बंधे के किनारे छोड़कर फरार हो गया।

जांच के क्रम में आरोपित की पहचान सुनील कुमार यादव के रूप में हुई। वह मूल रूप से ग्राम नवाबगंज, थाना नगरा, जिला बलिया का निवासी है। वर्तमान में वह झारखंड के धनबाद जिले में न्यू विशुनपुर स्थित हनुमान मंदिर के निकट रहता था। सीओ गीडा आभा सिंह ने बताया कि गीडा पुलिस ने आरोपित कैब चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

यह भी पढ़ें- डेफ क्रिकेट की राष्ट्रीय चैंपियनशिप में खेलेंगे गोरखपुर के प्रतीक, सूरत में दिखाएंगे अपना दम