गोरखपुर में 16 नवंबर से शुरू होगी स्व-गणना, नागरिक खुद दर्ज करेंगे परिवार का ब्योरा
गोरखपुर में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियां तेज हो गई हैं, जिसके तहत प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण शुरू ...और पढ़ें
-1793253963031_m.webp)
यह तस्वीर AI द्वारा बनाई गई है।
HighLights
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियां तेज हुईं।
16 से 30 नवंबर तक ऑनलाइन स्व-गणना का विकल्प।
प्रगणक 1 से 4 दिसंबर तक करेंगे विवरण सत्यापन।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसके तहत नगर निगम के सभी पांच जोन में नियुक्त प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण शुरू हो गया है। जनगणना के दौरान नागरिकों को स्व-गणना का विकल्प भी मिलेगा।
इसके तहत 16 से 30 नवंबर तक लोग आनलाइन माध्यम से अपने और परिवार के सभी सदस्यों का विवरण स्वयं दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद एक दिसंबर से चार दिसंबर तक घर-घर पहुंचने वाले प्रगणक दर्ज किए गए विवरण का सत्यापन करेंगे।
बुधवार को अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार ने नगर निगम सदन हाल और सेंट एंड्रयूज कालेज स्थित प्रशिक्षण केंद्रों का निरीक्षण किया। नगर निगम सदन हाल में उत्तर प्रदेश शासन से आए शैलेन्द्र और वैशाली शुक्ला ने प्रशिक्षणार्थियों को जनगणना के द्वितीय चरण की प्रक्रिया की जानकारी दी। इस दौरान स्व-गणना की प्रक्रिया, उसके महत्व और इसमें आम नागरिकों की सहभागिता पर विशेष जोर दिया गया।
पांच जोन में चल रहा प्रशिक्षण
प्रशिक्षण के लिए अलग-अलग केंद्र निर्धारित किए गए हैं। जोन-एक के प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को एमएमएम प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय और नगर निगम सदन हाल में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जोन-दो और तीन का प्रशिक्षण सेंट एंड्रयूज कालेज, जोन-चार का मौलाना आजाद इंटर कालेज और जोन-पांच का प्रशिक्षण रैंपस स्कूल में संचालित हो रहा है।
स्व-गणना के बाद सुरक्षित रखनी होगी पहचान संख्या
प्रशिक्षण में बताया गया कि 16 से 30 नवंबर तक नागरिक निर्धारित आनलाइन माध्यम से अपने परिवार का जनगणना विवरण भर सकेंगे। स्व-गणना पूरी होने पर उन्हें पीई आइडी (स्व-गणना पहचान संख्या) मिलेगी। इस संख्या को सुरक्षित रखना जरूरी होगा। एक से चार दिसंबर के बीच घर पहुंचने वाले प्रगणक को यह पहचान संख्या उपलब्ध करानी होगी, ताकि दर्ज विवरण का सत्यापन किया जा सके और जनगणना की प्रक्रिया पूरी हो सके।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में खुलेगा कौशल प्रशिक्षण केंद्र, युवाओं को मिलेगा बेहतर रोजगार प्रशिक्षण
अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार ने नगरवासियों से अपील की कि वे निर्धारित अवधि में स्व-गणना प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। साथ ही परिवार के सदस्यों, मित्रों और पड़ोसियों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम है और इसकी सफलता में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
