विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में नकली सीमेंट का बड़ा भंडाफोड़: ब्रांडेड बोरियों में भरा जा रहा था घटिया सीमेंट, गोदाम सील

By Jitendra PandeyEdited By: Vivek Shukla
Published: Wed, 16 Sep 2026 12:34 PM (IST)

गोरखपुर में ब्रांडेड कंपनी अल्ट्राटेक की बोरियों में अन्य कंपनियों के सीमेंट की री-पैकिंग का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने ...और पढ़ें

बाएं से मौके पर जांच करती पुलिस व गोदाम के पीछे काट कर फेंकी गई सीमेंट की खाली बोरियां। जागरण

बाएं से मौके पर जांच करती पुलिस व गोदाम के पीछे काट कर फेंकी गई सीमेंट की खाली बोरियां। जागरण

HighLights

  1. गोरखपुर में ब्रांडेड सीमेंट की बोरियों में री-पैकिंग का खुलासा।

  2. पुलिस ने ठाकुरपुर स्थित गोदाम को सील कर जांच शुरू की।

  3. यह अवैध कारोबार पिछले तीन वर्षों से चल रहा था।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। ब्रांडेड कंपनी की बोरियों में अन्य कंपनियों के सीमेंट की री-पैकिंग किए जाने का मामला सामने आया है। सूचना पर पहुंची गुलरिहा थाने की सरहरी चौकी पुलिस ने जांच के बाद गोदाम को सील कर दिया। कारोबार से जुड़े एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। यह गोदाम ठाकुरपुर नंबर दो में स्थित है। पुलिस को गोदाम के पीछे भारी मात्रा में बोरे भी मिले है। यह खेल तीन वर्षों से चल रहा था।

मंगलवार सुबह पुलिस को बोहा टोले के पास स्थित गोदाम में अन्य कंपनियों के सीमेंट को अल्ट्राटेक सीमेंट की बोरियों में भरने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां तीन मजदूर री-पैकिंग करते मिले। पुलिस को देखते ही तीनों मौके से भाग निकले। गोदाम की तलाशी के दौरान कई कंपनियों के डैमेज सीमेंट की बोरियां, अल्ट्राटेक सीमेंट की नई खाली बोरियां और री-पैकिंग में इस्तेमाल होने वाला सामान मिला। कुछ भरी हुई अल्ट्राटेक सीमेंट की बोरियां भी बरामद हुईं।

पुलिस ने इसकी सूचना अल्ट्राटेक सीमेंट के टीएसएच (एरिया मैनेजर) सुदीप कुमार को दी। वह सेल्स और तकनीकी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने गोदाम में रखी अल्ट्राटेक सीमेंट की भरी बोरियों की जांच की।

WhatsApp Image 2026-09-16 at 12.22.21 PM

टीम ने बोरियों में मौजूद सीमेंट को अल्ट्राटेक कंपनी का होने से इनकार किया। इसके बाद पुलिस से गोदाम सील कर कार्रवाई करने को कहा गया। एरिया मैनेजर सुदीप कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी कंपनी की लीगल टीम को भेज दी गई है। लीगल टीम की ओर से आगे की कार्रवाई के लिए तहरीर दी जाएगी।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर नहर में मिला दो दिनों से लापता युवक का शव, पुलिस जांच में जुटी

उधर, पुलिस की पूछताछ में ग्रामीणों ने बताया कि गोदाम में तीन वर्षों से सीमेंट की री-पैकिंग का काम चल रहा था। री-पैक किए गए सीमेंट को वाहनों से विभिन्न स्थानों पर आपूर्ति किए जाने की बात भी सामने आई है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है। प्रभारी निरीक्षक जेपी पाल ने बताया कि गोदाम सील कर दिया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में गोरखनाथ मंदिर की सुरक्षा होगी हाईटेक, 23 करोड़ रुपये से लगेंगे AI कैमरे