विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बुर्का पहनकर दुकान में आई… फिर 16 लाख के गहने ले उड़ी चोरनी, 50 CCTV कैमरों ने खोला राज तो हुई गिरफ्तार

Published: Mon, 14 Sep 2026 06:55 PM (IST)

गोरखपुर में बुर्का पहनकर एक सर्राफा दुकान से 16 लाख रुपये के गहने चुराने वाली महिला अफसरी उर्फ खोड़ी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. बुर्का पहनकर महिला ने सर्राफा दुकान से गहने चुराए।

  2. पुलिस ने 50 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले।

  3. चोरनी अफसरी उर्फ खोड़ी गिरफ्तार, 16 लाख के गहने बरामद।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। बुर्का पहनकर सर्राफा दुकान में पहुंची महिला ने मौका पाकर गहनों का पैकेट पार कर दिया। स्टाक का मिलान करने पर सर्राफ को घटना की जानकारी हुई। सूचना पर राजघाट थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं।

50 से अधिक कैमरों का फुटेज खंगाला तो महिला तक पहुंच गई। रविवार को तुर्कमानपुर निवासी अफसरी उर्फ खोड़ी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर 110.2 ग्राम सोने के गहने बरामद हुए, जिनकी कीमत करीब 16 लाख रुपये बताई जा रही है।

यह है पूरा मामला

तुर्कमानपुर रावत पाठशाला के पास रहने वाले लाल बाबू वर्मा की घंटाघर में किशन कुमार ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। 11 सितंबर को स्टाक का मिलान किया गया तो 18 कैरेट के कुछ जेवर कम मिले। इसके बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई।

फुटेज में सामने आया कि छह सितंबर को अपराह्न करीब तीन बजे बुर्का पहने एक महिला दुकान में आई थी। उसने मौका पाकर गहनों का एक पैकेट उठा लिया और दुकान से निकल गई। चोरी का मुकदमा राजघाट थाने में दर्ज होने के बाद पुलिस ने महिला की पहचान के लिए दुकान से लेकर उसके आने-जाने वाले संभावित रास्तों पर लगे कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।

चोरी के जेवर बरामद

टीम ने 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। लगातार पड़ताल के बाद महिला की पहचान अफसरी उर्फ खोड़ी पुत्री बच्चन निवासी तुर्कमानपुर के रूप में हुई। पुलिस ने उसे पकड़कर पूछताछ की तो उसने चोरी की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर चोरी के जेवर बरामद किए गए।

सीओ कोतवाली ओंकार दत्त ने बताया कि अफसरी उर्फ खोड़ी के विरुद्ध पहले भी चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2025 में लखनऊ पश्चिम के चौक थाने और गोरखपुर के बांसगांव थाने में दर्ज मुकदमे शामिल हैं। राजघाट थाने में दर्ज वर्तमान मुकदमा उसका तीसरा मामला बताया गया है।

यह भी पढ़ें- नोट गिनते ही मानसिक संतुलन खो बैठा दुकानदार, बुर्का पहने पहुंचीं 5 महिलाओं ने 8 लाख का सोना किया साफ

यह भी पढ़ें- VIDEO: बुर्का पहनकर आई महिला ने ज्वैलरी शॉप से उड़ाया एक लाख रुपये से भरा बैग, CCTV में कैद हुई घटना