VIDEO: बुर्का पहनकर आई महिला ने ज्वैलरी शॉप से उड़ाया एक लाख रुपये से भरा बैग, CCTV में कैद हुई घटना
Bijnor News: धामपुर के मुख्य बाजार में एक ज्वैलर्स की दुकान से खरीदारी करने आई महिला का नकदी और जेवरात ...और पढ़ें
HighLights
धामपुर में ज्वैलर्स की दुकान से बैग चोरी।
मामले की जांच में जुटी बिजनौर पुलिस।
संवाद सहयोगी, धामपुर (बिजनौर)। धामपुर नगर के मुख्य बाजार में फल चौक स्थित बाल किशन ज्वैलर्स की दुकान पर खरीदारी करने आए एक महिला का बैग वहां मौजूद बुर्का पहने दूसरी महिला ने चुरा लिया और अपने बैग में रख कर फरार हो गई। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। पीड़ित महिला ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
थाना अफजलगढ़ के गांव कासमपुरगढ़ी निवासी फरहाना परवीन की ससुराल उत्तराखंड के जसपुर में है। फरहाना अपनी तीन महिला रिश्तेदारों के साथ मंगलवार शाम लगभग चार बजे धामपुर में मुख्य बाजार के फल चौक स्थित बाल किशन ज्वैलर्स के यहां खरीदारी करने आई थी। फरहाना के मुताबिक उसके भाई के निकाह के लिए गहनों की खरीदारी करनी थी, जिसके चलते वह करीब एक लाख रुपये नगद लेकर खरीदारी करने आई थी।
आरोप है कि जब वह अपने रिश्तेदार महिलाओं के साथ खरीदारी कर रही थी, इसी दौरान दो महिलाएं बुर्का पहने आईं। उन्होंने भी दुकान स्वामी बाल किशन से गहने दिखाने को कहा, लेकिन उसने दोनों महिलाओं को कुछ देर बैठने काे कहा। फराहाना का बैग उसके बराबर वाली कुर्सी पर रखा था। इसी दौरान बुर्का पहने एक महिला फरहाना के पीछे आई और चुपके से उसका बैग उठा लिया और पीछे जाकर बैठ गई। थोड़ी देर बाद बैग उठाने वाली महिलाएं दुकान से चली गईं।
फरहाना के मुताबिक खरीदारी करने के बाद जब उसने पेमेंट करने को बैग देखा तो वह गायब था। उसने दुकानदार काे बताया, जिसके बाद सीसीटीवी की जांच की गई। जिसमें बुर्का पहने महिला बैग उठाती हुई दिखी। महिलाओं की बाजार में तलाश की गई, लेकिन उनका कुछ पता नहीं लगा।
घटना के बाद फरहाना ने अपने स्वजन को सूचना दी और थाना धामपुर में शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। उसके मुताबिक बैग में करीब एक लाख रुपये नकद, चांदी के जेवरात, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड और अन्य कीमती सामान रखा था। कोतवाली प्रभारी रवीन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि घटना की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। सीसीटीवी के अाधार पर महिलाओं की पहचान का प्रयास किया जाएगा।
