नोट गिनते ही मानसिक संतुलन खो बैठा दुकानदार, बुर्का पहने पहुंचीं 5 महिलाओं ने 8 लाख का सोना किया साफ
Bijnor News: बिजनौर में बुर्का पहने पांच महिलाओं ने एक ज्वैलर्स की दुकान से 50 ग्राम से अधिक सोना चुरा ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
केमिकल लगे नोट गिनते ही दुकानदार का मानसिक संतुलन बिगड़ा।
सीसीटीवी में कैद हुई घटना, पुलिस 8 लाख सोने की तलाश जुटी।
संवाद सहयोगी, चांदपुर (बिजनौर)। ज्वैलर्स के यहां जेवर देखने आईं बुर्का पहने पांच महिलाओं ने 50 ग्राम से अधिक का सोना साफ कर दिया। बताया जा रहा है कि उन्होंने कुछ सोने चांदी के जेवर खरीदे और उनके रुपये भी दिए।
आरोप है कि रुपयों पर कोई केमिकल लगा था, उन्हें गिनते हुए दुकानदार के लड़के का मानसिक संतुलन बिगड़ गया। जिसके बाद वह सोना गायब किया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बास्टा क्षेत्र के गांव रसूलपुर नंगला निवासी दिनेश वर्मा पुत्र रामेश्वर वर्मा की गांव में ही ज्वैलर्स की दुकान है। उनके साथ उनका लड़का भी वहीं बैठता है। दोपहर के समय वह कहीं गए थे, जबकि लड़का बैठा था। इसी बीच बुर्का पहने पांच महिलाएं दुकान पर पहुंचीं और कुछ सोने व चांदी के जेवर खरीदने के बात कही।
जिसके बाद उन्हें बिछवे और सोने कि लौंग खरीदी। बताया कि दोनों सामान खरीदने के बाद उन्हें रुपये भी दिए। लेकिन जैसे ही लड़के ने रुपये गिने वैसे ही वह अपना मानसिक संतुलन खो बैठा। आरोप लगाया कि रुपयों पर कुछ केमिकल लगा हुआ था। जिसके बाद महिलाएं जो जेवर दिखाने के लिए कहती रहीं, वह वहीं दिखाता रहा।
इसी दौरान महिलाओं ने 50 ग्राम से अधिक सोने के जेवर साफ कर दिए। यह सारी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जब दिनेश दुकान पर पहुंचे तो वह लड़के की हरकतों को देख सहम गए। उन्होंने बाद में सीसीटीवी कैमरे देखे तो घटना का पता लगा।
दिनेश ने बताया कि उन्हें करीब आठ लाख का नुकसान हुआ है। उधर, कोतवाल राहुल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है।
