विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में छत के रास्ते घर में घुसे बदमाश, बेटियों को डराकर लाखों के जेवर और नकदी लूटी

By Jitendra PandeyEdited By: Vivek Shukla
Published: Wed, 30 Sep 2026 12:41 PM (IST)

गोरखपुर के पीपीगंज में बदमाशों ने एक घर में छत के रास्ते घुसकर लाखों के जेवर और 40 हजार रुपये ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

HighLights

  1. पीपीगंज में बदमाशों ने छत के रास्ते घर में सेंध लगाई।

  2. लाखों के जेवर और 40 हजार रुपये नकद लेकर फरार हुए।

  3. घर की बेटियों को हंसिया-असलहा दिखाकर धमकाया गया।

संवाद सूत्र, पीपीगंज, (गोरखपुर)। बदमाशों ने एक घर में घुसकर लाखों रुपये के जेवरात और 40 हजार रुपये नकदी समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए। बदमाश छत के रास्ते जीने को तोड़कर घर में दाखिल हुए। इस दौरान घर में मौजूद दो बेटियों को हंसिया और असलहा दिखाकर भयभीत किया और सभी कमरों को खंगालकर सामान लेकर फरार हो गए।

सूचना पर पहुंची पीपीगंज पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की। यह घटना मंगलवार रात की है। उधर, बुधवार सुबह थाने में तहरीर देकर पड़ोसी भतीजे के साथ लौट रही एक युवती हादसे में घायल हो गई। शहर के एक अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है।

रसुलपुर चकिया गांव निवासी बलराम सहानी एक माह पूर्व रक्षाबंधन के बाद अपने बड़े बेटे के पास राजकोट, राजस्थान चले गए थे। इसके बाद से वह वहीं रह रहे थे। घर पर उनकी पत्नी, बेटी प्रमिला, रोशनी और एक छोटा बच्चा रह रहे थे। मंगलवार की रात दो बजे अज्ञात बदमाश छत के रास्ते जीने को तोड़कर घर में घुसे। आरोप है कि बदमाशों ने प्रमिला और रोशनी को हंसिया व असलहा दिखाकर धमकाया। इसके बाद घर के सभी कमरों की तलाशी लेकर जेवरात, 40 हजार रुपये नकद और अन्य सामान लेकर फरार हो गए।

घटना के बाद रोशनी सहानी ने पीपीगंज थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। तहरीर में जेवरात और नकदी समेत अन्य सामान चोरी होने की बात कही गई है। सूचना मिलने पर पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। चोरी की घटना की तहरीर देने के बाद बुधवार सुबह आठ बजे रोशनी सहानी और उनके पट्टीदार के भतीजे आकाश सहानी थाने से लौट रहे थे।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में घुसा बाढ़ का पानी, प्रयागराज से आया सात स्टीमर

गोरखपुर-सोनौली फोरलेन पर गोलीगंज तिराहे के पास मार्ग पर पड़ी गिट्टी से बाइक फिसल गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए गोरखपुर शहर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दोनों का इलाज चल रहा है।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर से महराजगंज तक दौड़ने लगी डबल डेकर AC इलेक्ट्रिक बस, यात्रियों को मिल रही विशेष सुविधा

क्षेत्राधिकारी कैंपियरगंज अनुराग सिंह ने बताया कि घर में चोरी की सूचना मिली है। मौके पर फोरेंसिक टीम और पीपीगंज पुलिस जांच कर रही है। तहरीर मिली है। मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।