विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर BRD से लापता नवजात की गुत्थी उलझी, मां के बदलते बयानों से बढ़ी परेशानी

Published: Wed, 28 Oct 2026 10:12 AM (IST)

गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज से एक माह की बच्ची के लापता होने का मामला उलझ गया है। मां रोशनी ...और पढ़ें

बीआरडी मेडिकल कालेज के प्राचार्य कार्यालय के सामने प्यारेलाल पार्क में गायब बच्ची को ढूंढती हुई पुलिस । जागरण

बीआरडी मेडिकल कालेज के प्राचार्य कार्यालय के सामने प्यारेलाल पार्क में गायब बच्ची को ढूंढती हुई पुलिस । जागरण

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कालेज से एक माह की नवजात बच्ची के लापता होने का मामला उलझता जा रहा है। पुलिस की जांच में सामने आए सीसी कैमरे फुटेज और बच्ची की मां रोशनी देवी के बदलते बयानों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

महिला सुबह 8:51 बजे बच्ची को लेकर वार्ड से निकलती दिखाई दे रही है, जबकि 9:01 बजे मुख्य गेट पर पहुंचने के दौरान उसके हाथ में बच्ची नजर नहीं आ रही है। पुलिस ने प्यारेलाल पार्क और रेलवे स्टेशन पर घंटों तलाशी अभियान चलाया, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला।

पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह 8:51 बजे महिला ने अपने पति को फोन कर खाना खाने जाने की बात कही थी। इसके बाद वह 200 नंबर बेड वाले वार्ड से बच्ची को लेकर निकलती दिखाई दी। 10 मिनट बाद सुबह 9:01 बजे वह एक हाथ में झोला और दूसरे में ऊनी तौलिया लेकर मुख्य गेट पर पहुंची। इस दौरान उसके हाथ में बच्ची नहीं दिखी।

इसके बाद महिला आटो से रेलवे स्टेशन पहुंची और पति राममनोहर को फोन कर बच्ची के लापता होने की जानकारी दी। पति उसे लेकर मेडिकल चौकी पहुंचा और पुलिस को सूचना दी।

सोमवार रात महिला, उसका पति और मां गांव चले गए थे। मंगलवार दोपहर 12 बजे बच्ची की मां, बुआ और पति मेडिकल चौकी पहुंचे। इसके बाद महिला दरोगा के माध्यम से पूछताछ शुरू हुई। पूछताछ में महिला ने पहले प्राचार्य कार्यालय के सामने सड़क के पश्चिम स्थित प्यारेलाल पार्क में बच्ची को फेंकने की बात कही। पुलिस टीम ने पार्क की झाड़ियों में घंटों तलाश की, लेकिन कुछ नहीं मिला।

इसके बाद महिला ने बयान बदलते हुए बच्ची को रेलवे स्टेशन के डस्टबिन में डालने की बात कही। दोपहर दो बजे डाग स्क्वायड को बुलाया गया। गुलरिहा पुलिस और डाग स्क्वायड की टीम महिला को लेकर रेलवे स्टेशन पहुंची। वहां एक-एक प्लेटफार्म के डस्टबिन और कूड़ेदानों की तलाशी ली गई, लेकिन बच्ची का पता नहीं चला। शाम पांच बजे पुलिस महिला को लेकर दोबारा मेडिकल चौकी पहुंची और पूछताछ कर रही है।

अन्य बिंदुओं पर भी हो रही जांच
बच्ची का पता नहीं चलने से पुलिस की चिंता बढ़ गई है। मामले में गुलरिहा पुलिस के साथ डाग स्क्वायड और एंटी थेफ्ट टीम को लगाया गया है। पुलिस इस आशंका पर भी जांच कर रही है कि कहीं महिला ने बच्ची किसी अन्य व्यक्ति को तो नहीं सौंप दी या उसे किसी दूसरे स्थान पर छोड़ दिया गया। फिलहाल दोनों संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। बच्ची की तलाश जारी है।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर अनसुलझी मिस्ट्री: जिसे मरा मानकर तेरहवीं कर चुका था परिवार... वह गुजरात में मिली जिंदा


यह है मामला
संतकबीरनगर जिले के बेलहरकला थाना क्षेत्र के गोपालपुर निवासी रोशनी पत्नी राममनोहर ने एक माह पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आपरेशन से बच्ची को जन्म दिया था। तीन वर्ष पहले गर्भपात होने के बाद दोबारा बच्ची होने से परिवार में खुशी थी। तबीयत बिगड़ने पर 15 अक्टूबर को रोशनी को बीआरडी मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया था।

बच्ची काव्या का 500 नंबर बेड स्थित बाल सेवा संस्थान के एनआइसीयू में इलाज चल रहा था। तबीयत में सुधार होने पर सोमवार सुबह उसे फीडिंग के लिए कंगारू मदर केयर वार्ड में मां को सौंपा गया। बाद में दोनों के लापता होने का मामला सामने आया। पुलिस सीसी कैमरे फुटेज और महिला के बयानों के आधार पर तलाश में जुटी है।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर शिक्षक एमएलसी चुनाव: मतगणना में त्रिकोणीय संघर्ष, कैंपों में बढ़ी हलचल