विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में आंधी-बारिश से ब्लैक आउट, जनजीवन अस्त-व्यस्त; तस्वीरों में देखें एक झलक

Published: Sun, 27 Sep 2026 08:05 AM (IST)

गोरखपुर जिले में भारी बारिश और आंधी के कारण व्यापक बिजली संकट छा गया है, जिससे कई ग्रामीण और शहरी ...और पढ़ें

गोरखपुर जिला अस्पताल के आकस्मिक वार्ड का पोर्टिको जलमग्न होने से रोगी व तीमारदार को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।-अभिनव राजन चतुर्वेदी

गोरखपुर जिला अस्पताल के आकस्मिक वार्ड का पोर्टिको जलमग्न होने से रोगी व तीमारदार को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।-अभिनव राजन चतुर्वेदी

HighLights

  1. पूरे गोरखपुर जिले में भारी बारिश-आंधी से व्यापक ब्लैक आउट।

  2. कई क्षेत्रों में 24 घंटे से अधिक समय से बिजली आपूर्ति ठप।

  3. पेड़ गिरने, पोल-ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने से बिजली संकट गहराया।

जागरण टीम, गोरखपुर। वर्षा के बीच पूरे जिले में ब्लैक आउट हो गया। ग्रामीण क्षेत्रों में 24 घंटे बाद भी बिजली के दर्शन नहीं हुए। महानगर से लगायत ग्रामीण क्षेत्रों में कहीं 33 हजार वोल्ट की लाइन पर पेड़ गिरे तो कहीं तेज हवा से ट्रांसफार्मर समेत पोल गिर गए। एक जगह आपूर्ति सामान्य करने की कोशिश की जा रही थी तो दूसरी जगह गड़बड़ी हो जा रही थी।

शाम होते ही रुस्तमपुर, सूरजकुंड, शाहपुर, राप्तीनगर ओल्ड समेत ग्रामीण क्षेत्र के कई उपकेंद्रों में पानी घुस जाने के कारण स्थिति और खराब हो गई। रुस्तमपुर उपकेंद्र में पानी भरने और टाउनहाल उपकेंद्र क्षेत्र के कई टेललेस यूनिट पानी में डूब जाने के कारण बेतियाहाता क्षेत्र अंधेरे में रहा। कमिश्नर आवास पर भी बिजली कटी रही।

खुद अधीक्षण अभियंता शहर के कार्यालय में पानी घुस गया। इस कारण उन्हें बाहर निकलना पड़ा। बक्शीपुर उपकेंद्र में भी पानी घुस गया है। समाचार लिखे जाने तक कुछ ही इलाकों में आपूर्ति सामान्य हो सकी थी। लोग अंधेरे में पानी और मोबाइल स्विच आफ होने से परेशान रहे।

80508107

नौवावारी पलिपा उपकेंद्र की बिजली शुक्रवार रात तकरीबन 12 बजे कट गई। शनिवार देर रात तक आपूर्ति नहीं बहाल होसकी। कई जगह पेड़ और डाल तार पर गिरे हुए हैं।

फर्टिलाइजर से भटहट उपकेंद्र को जाने वाली 33 हजार वोल्ट की लाइन में गड़बड़ी के कारण 24 घंटे से तीन सौ गांवाें में बिजली नहीं है। अवर अभियंता रामनयन यादव ने बताया कि वर्षा के कारण गड़बड़ी नहीं दूर हो पा रही है।

कैंपियरगंज उपकेंद्र से जुड़े सैकड़ों गांवों में गुरुवार रात तकरीबन 10 बजे बिजली गुल हुई। शुक्रवार शाम चार बजे आपूर्ति बहाल हुई, लेकिन रात नौ बजे फिर बिजली चली गई। शनिवार रात तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। सोनौरा उपकेंद्र से जुड़े दर्जनों गांवों में भी गुरुवार रात बिजली कटने के बाद शुक्रवार को करीब एक घंटे आपूर्ति आई, फिर बाधित हो गई और शनिवार शाम तक बहाल नहीं हो सकी।

80507288

आनंदनगर से जंगल के रास्ते कैंपियरगंज उपकेंद्र आने वाली लाइन पर पेड़ गिरने से भी आपूर्ति प्रभावित हुई। मुसावर में कैलाशी पांडे स्कूल के पास एलटी तार, पंडितपुर फीडर के तिवारीपुर के पास 11 हजार वोल्ट लाइन पर पेड़ गिरा। बरईपार में ट्यूबवेल का ट्रांसफॉर्मर गिरने के साथ तार पर पेड़ गिर गया। कैंपियरगंज टाउन, ग्रामीण, सोनौरा और मछलीगांव उपकेंद्रों से जुड़े क्षेत्रों में आपूर्ति बाधित है। बरईपार में ट्रांसफार्मर नीचे गिर गया, जबकि डुमरिया में पोल उखड़कर गिर गए।

सहजनवा तहसील में शुक्रवार रात 12 से बिजली बंद है। तकरीबन सवा दो सौ बिजली के पोल गिरे हैं। आंधी-पानी से चौरी चौरा क्षेत्र में 20 घंटे से भी ज्यादा समय से बिजली नहीं है। शनिवार की दोपहर एक बजे बिजली आई फिर चली गई। मुंडेरा बाजार, सरदार नगर, चौरी चौरा क्षेत्र में 11 हजार वोल्ट की लाइन, एलटी लाइन के 23 पोल व 33 केवीए लाइन दो पोल टूट गए हैं।

80507729

अवर अभियंता चौरी चौरा मनोज गुप्ता ने बताया कि कंट्रोल रूम में पानी घुसने से बिजली काटनी पड़ी। एफसीआई से पिपराइच उपकेंद्र को आने वाली 33 हजार वोल्ट की लाइन में तकनीकी खराबी, इंसुलेटर पंक्चर होने और पेड़ की डाल गिरने से शनिवार दोपहर से देर रात तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।

कौड़ीराम के जेई अजय कुमार कन्नौजिया, गजपुर के जेई जवाहरलाल ने बताया कि एचटी और एलटी लाइन के 37 पोल क्षतिग्रस्त हुए हैं। इनमें कौड़ीराम फीडर पर तीन, बेदौली में चार, विशुनपुर में पांच, गजपुर में सात, जानीपुर में 12 तथा पकड़ी फीडर पर छह पोल क्षतिग्रस्त हुए हैं। अलग-अलग क्षमता के 13 ट्रांसफार्मर भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।

नेवादा फीडर के मिश्रौली गांव में हाईटेंशन लाइन पर करीब आधा दर्जन सागौन के पेड़ टूटकर गिर गए। इससे पोल और तार क्षतिग्रस्त होकर जमीन पर गिर गए।
आंधी व वर्षा से खजनी, बेलघाट, उरुवा, उनवल, सिकरीगंज, महादेवा, धुरियापार, कुई बाजार आदि गांवों में दो दिन से बिजली नहीं है। खजनी तहसील क्षेत्र में 113 पोल टूटे हैं।

80509060

बेलघाट क्षेत्र के बहादुरपुर अंडरपास, धुरियाडीह, मकरहा, ब्रह्मदे वा ,रामपुर समेत कई गांवों में बिजली ठप हो गई है। पीपीगंज में नगर फीडर, बढ़या फीडर व रायपुर फीडर बंद होने से बिजली का संकट खड़ा हो गया। इससे पीपीगंज नगर, हरपुर, तिघरा, बगहीभारी मखनहा, जरहद, नयनसर, जंगल विहुली, जंगल अगही, गदहीखाल, बनकटा, कोल्हुआ, बरहटा, भरोहिया, कैथवलिया, नीबा, बैरघटा, जसवल बाजार समेत दर्जनों गांवों में आपूर्ति ठप हो गई है। अवर अभियंता पप्पू कुमार ने कहा कि वर्षा के कारण दिक्कत हो रही है। बडहलगंज में शनिवार को पूरे दिन बिजली का संकट रहा। इस कारण व्यापार पर भी असर पड़ा।

यह भी पढ़ें- 'सपा की तरह बात न करें...' जलभराव पर सांसद रवि किशन और पार्षद में तीखी नोकझोंक


सरैया चौराहे पर पोल गिरने से बाइक सवार युवक घायल
चौरी चौरा थाना क्षेत्र के सरैया चौराहे के पास तेज आंधी में शनिवार दोपहर 2:30 बजे 33 हजार वोल्ट की लाइन का पोल बाइक सवार युवक पर गिर गया। हादसे में आमकोल गांव निवासी 25 वर्षीय आलोक ओझा के सिर में गंभीर चोट आई है। बाइक भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। लोगों का कहना है कि जर्जर पोल बदलने के लिए कई बार सूचना दी गई थी लेकिन किसी ने कुछ नहीं किया।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में बादल फटने जैसे हालात, छह मरे और 14 घायल