गोरखपुर में भाजपा पार्षद की बाइक 30 सेकंड में चोरी, सीसीटीवी में कैद हुए चोर युवक-युवती
गोरखपुर में भाजपा पार्षद रामनाथ निषाद की बाइक उनके कार्यालय के सामने से मात्र 30 सेकंड में चोरी हो गई। ...और पढ़ें
HighLights
भाजपा पार्षद रामनाथ निषाद की बाइक चोरी हुई।
सीसीटीवी में युवक-युवती 30 सेकंड में बाइक ले गए।
पुलिस फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश कर रही है।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। भाजपा पार्षद की बाइक कार्यालय के सामने से 30 सेकेंड में चोरी हो गई। सीसी कैमरे में कैद युवक और युवती वारदात को अंजाम देने के बाद तेज रफ्तार में बाइक लेकर फरार हो गए। यह मामला एम्स थाना क्षेत्र का है। वार्ड नंबर 18 के भाजपा पार्षद रामनाथ निषाद की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर फुटेज में कैद आरोपितों की तलाश कर रहीं है।
पार्षद के अनुसार, झारना टोला स्थित वह अपने कार्यालय में स्थानीय लोगों के साथ बैठे थे। उनकी बाइक कार्यालय के बाहर खड़ी थी। गुरुवार की रात नौ बजे बाहर निकले तो बाइक गायब मिली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्यालय तथा आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में युवक और युवती कार्यालय के पास आते दिखाई दे रहे हैं।
युवक के हाथ में प्लास्टिक का थैला था, जिसे उसने युवती को पकड़ा दिया। इसके बाद युवती आगे चली गई। युवक बाइक के पास पहुंचा और चाबी लगाकर उसे स्टार्ट कर दिया। बाइक लेकर कुछ दूर जाने के बाद उसने युवती को भी बैठा लिया और दोनों फरार हो गए।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीट पर सपा प्रत्याशी बदलने की अटकलें, कमलेश यादव का नामांकन टला
युवक ने काली टी-शर्ट और जींस, जबकि युवती ने काले रंग का चमकदार सूट पहन रखा था। एम्स थाना प्रभारी महेंद्र पांडेय ने बताया कि सीसी कैमरे के फुटेज के आधार पर युवक-युवती की पहचान कराई जा रही है। पुलिस टीम उनकी तलाश में जुटी है।
