गोरखपुर के ग्रामीण बैंक में शार्ट सर्किट से लगी आग, बड़ा हादसा टला
गोरखपुर के उरुवा बाजार स्थित उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की शाखा में रविवार सुबह शार्ट सर्किट से आग लग गई। ...और पढ़ें
HighLights
उरुवा बाजार के ग्रामीण बैंक में शार्ट सर्किट से आग लगी।
रविवार को बैंक बंद होने से बड़ा नुकसान होने से बचा।
अग्निशमन विभाग ने समय पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
संवाद सूत्र, उरुवा बाजार, (गोरखपुर)। उरुवा बाजार स्थित उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की शाखा में रविवार सुबह शार्ट सर्किट से आग लग गई। रविवार का अवकाश होने के कारण शाखा बंद थी। बैंक से धुआं निकलता देख आसपास के दुकानदारों ने कर्मचारियों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग को जानकारी दी गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।
बैंक शाखा प्रबंधक नवीन कुमार ने बताया कि सुबह करीब पौने नौ बजे शाखा के बगल के दुकानदारों ने फोन कर बैंक से धुआं निकलने की जानकारी दी। वह कैशियर गौरव जायसवाल और फील्ड अधिकारी इंद्रसेन सिंह के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।
उरुवा पुलिस और अग्निशमन विभाग को भी सूचना दी गई। दोनों की मदद से आग जल्द बुझा दी गई। आग बुझने के बाद जांच में पता चला कि प्रबंधक के केबिन में लगा सीसीटीवी कैमरे का बोर्ड पूरी तरह जल गया था। प्रथमदृष्टया इसी बोर्ड में शार्ट सर्किट होने से आग लगने की आशंका है। शाखा प्रबंधक ने बताया कि आग से कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है और बैंक के सभी दस्तावेज सुरक्षित हैं।
यह भी पढ़ें- 100 मीटर में 200 से अधिक गड्ढे! ये है हाईटेक सिटी का हाल; आंखें मूंदे बैठा गुरुग्राम प्रशासन
सोमवार को शाखा में कामकाज सामान्य रूप से संचालित किया जाएगा। एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि बैंक में आग लगने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अग्निशमन विभाग के सहयोग से आग पर काबू पा लिया गया। समय रहते आग बुझ जाने से बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
