विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में ऑटो ने रौंदा बस का इंतजार कर रहा परिवार, मासूम की दर्दनाक मौत

Published: Thu, 24 Sep 2026 12:37 PM (IST)

गोरखपुर के उरुवा बाजार में बस का इंतजार कर रहे एक परिवार को तेज रफ्तार ऑटो ने रौंद दिया। हादसे ...और पढ़ें

बाएं से मृतक देवांश की फाइल फोटो व घटना स्थल पर पहुंची पुलिस। जागरण

बाएं से मृतक देवांश की फाइल फोटो व घटना स्थल पर पहुंची पुलिस। जागरण

HighLights

  1. उरुवा बाजार में बस का इंतजार कर रहे परिवार को ऑटो ने रौंदा।

  2. दो साल के देवांश की मौत, चार माह की तृषा गंभीर घायल।

  3. हादसे के बाद ऑटो चालक वाहन लेकर सिकरीगंज की ओर फरार।

संवाद सूत्र, उरुवा बाजार (गोरखपुर)। बस का इंतजार कर रहे परिवार को तेज रफ्तार आटो ने रौंद दिया। हादसे में दो वर्ष के देवांश की मौत हो गई, जबकि चार माह की बच्ची तृषा गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना के बाद आटो चालक वाहन लेकर सिकरीगंज की ओर फरार हो गया। हादसे में एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ है। यह हादसा उरुवा थाना क्षेत्र के पिपरा पांडेय गांव के पास गुरुवार सुबह को हुआ।

पिपरा पांडेय निवासी विनय पांडेय गुरुवार को अपनी पत्नी श्वेता पांडेय को चिकित्सक को दिखाने के लिए गोरखपुर जा रहे थे। उनके साथ दो वर्ष का बेटा देवांश भी था। विनय की बहन पुनीता, जिनकी शादी गोला थाना क्षेत्र के मेड़री गांव में हुई है, अपनी चार माह की बेटी तृषा के साथ उनके साथ थीं। सभी लोग गांव के पास बस का इंतजार कर रहे थे।

इसी बीच नौ बजे उरुवा की तरफ से तेज रफ्तार में आया आटो अनियंत्रित होकर परिवार के लोगों को रौंद दिया। इसी दौरान बस के इंतजार कर रहे अमोढ़ा निवासी श्रवण सिंह को भी आटो ने टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उरुवा पहुंचाया गया।

यह भी पढ़ें- दक्षिण कोरिया में गूंजेगा गोरखपुर का नाम, डायबिटीज रिसर्च में शोध छात्रा अनुप्रिया को मिला ग्लोबल सम्मान

चिकित्सकों ने देवांश को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल चार माह की तृषा को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का भी उपचार कराया गया। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष उरुवा श्यामदेव चौधरी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार आटो चालक की तलाश की जा रही है।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में बेखौफ हुए बाइक सवार बदमाश, महिला से गहने और नकदी भरा बैग झपटकर हुए फरार