विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में बिश्नोई गिरोह के असलहा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, चार और गिरफ्तार

Published: Thu, 01 Oct 2026 09:34 AM (IST)

गोरखपुर में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े असलहा तस्करी मामले में पुलिस ने चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है, ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

HighLights

  1. लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े चार और आरोपी गिरफ्तार।

  2. 10 हजार रुपये का इनामी बीरू साहनी भी पकड़ा गया।

  3. दो अवैध 32 बोर की ऑटोमैटिक पिस्टल बरामद हुई।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। लारेंश बिश्नोई गिरोह से जुड़े असलहा तस्करी के मामले में कैंट थाना पुलिस ने बुधवार सुबह चार और आरोपितों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपितों में 10 हजार रुपये का इनामी बीरू साहनी भी शामिल है। पुलिस ने इनके कब्जे से 32 बोर की दो अवैध आटोमैटिक पिस्टल बरामद करने का दावा किया है। पूछताछ के बाद चारों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। गिरोह से जुड़े 10 आरोपितों को पुलिस अब तक जेल भेज चुकी है। नामजद 21 की तलाश जारी है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान चौरी चौरा क्षेत्र के डुमरी खास निवासी मुलायम निषाद उर्फ नितेश, रामगढ़ताल क्षेत्र के लहसड़ी खैरा टोला निवासी शैलेंद्र निषाद, लहसड़ी निवासी बीरू साहनी और डुमरी खास निवासी चंदन जायसवाल उर्फ लकी के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, 21 सितंबर की रात एसटीएफ ने विंध्यवासिनी पार्क के पास से लारेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े पांच असलहा तस्करों को गिरफ्तार किया था। इनमें श्रेयांश यादव उर्फ बबलू, अजीत यादव, अभिषेक गौड़ उर्फ भेली, अभिषेक प्रजापति उर्फ अभी और राहुल गुप्ता शामिल थे।

पूछताछ में पांचों ने 26 अन्य लोगों के नाम बताए। इनमें बिहार के बेतिया निवासी शशांक पांडेय, मध्य प्रदेश के देवेंद्र सक्सेना और हरियाणा के सुमित कुमार दिलावर समेत गोरखपुर व आसपास के जिलों के लोग बताए गए थे।

एसटीएफ प्रभारी सत्यप्रकाश सिंह की तहरीर पर कैंट पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। जांच के दौरान छह आरोपितों को पहले गिरफ्तार किया गया, जबकि दो आरोपितों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था। अब चार और गिरफ्तारियों के बाद मामले में जेल भेजे गए आरोपितों की संख्या 10 हो गई है। पुलिस मुकदमे में नामजद 21 अन्य आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना जारी है।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में इतिहास बना RRI, यादों में रह गया बटन वाला दौर


नंबर बदलकर लखनऊ में छिपा है एक आरोपित
पुलिस सूत्रों के अनुसार असलहा तस्करी व खरीद में नामजद पीएसी जवान ने अपना मोबाइल फोन नंबर बदल दिया है। उसके एक साथी ने नया नंबर खरीदकर उसे दिया है, जिसका प्रयोग वह कर रहा है। जबकि पुलिस उसके दो साथियों के न्यायालय में आत्मसमर्पण करने के बाद से उसकी तलाश में जुटी है। लेकिन, पुलिस के पास मौजूद मोबाइल फोन नंबर के बंद होने से उसके लाेकेशन का पता नहीं चल पा रहा है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले वह लखनऊ में था।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में चार दिन पंचायत के बाद लगा पोल, आज आएगी चार गांवों में बिजली