गोरखपुर में बनेगा महानगर का दूसरा इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग स्टेशन, 150 नई एसी इलेक्ट्रिक बसें चलाने की भी तैयारी
गोरखपुर में 4.64 करोड़ रुपये की लागत से दूसरा इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग स्टेशन बनेगा, जिससे बसों का संचालन सुगम होगा और उत्तरी क्षेत्र के यात्रियों को लाभ मिलेगा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
चरगावां में 4.64 करोड़ रुपये का दूसरा चार्जिंग स्टेशन।
उत्तरी गोरखपुर में बसों का संचालन होगा अधिक सुगम।
150 नई एसी इलेक्ट्रिक बसें चलाने की तैयारी।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। महानगर में इलेक्ट्रिक सिटी बसों की संख्या बढ़ाने और उनके संचालन को सुगम बनाने के लिए चरगावां में दूसरा चार्जिंग स्टेशन बनाया जाएगा। चरगावां स्थित सिटी बस डिपो में बनने वाले इस स्टेशन पर 4.64 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
महेसरा के बाद यह महानगर का दूसरा इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग स्टेशन होगा। इसके बनने से शहर के उत्तरी क्षेत्र और आसपास के मार्गों पर संचालित होने वाली बसों को चार्जिंग के लिए महेसरा तक नहीं जाना पड़ेगा। इससे बसों के संचालन में लगने वाला अतिरिक्त समय बचेगा और उनके फेरे बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
करीब 2000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बनने वाले इस चार्जिंग स्टेशन पर एक समय में चार इलेक्ट्रिक बसों को चार्ज किया जा सकेगा। निर्माण की जिम्मेदारी सीएंडडीएस-42 को सौंपी गई है।
संस्था की ओर से निर्माण के लिए निविदा जारी कर दी गई है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 17 नवंबर को टेंडर खोला जाएगा। इसके बाद चयनित कार्यदायी संस्था से अनुबंध की प्रक्रिया पूरी कर निर्माण शुरू कराया जाएगा।
150 नई एसी बसें चलाने की तैयारी
महानगर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 150 नई वातानुकूलित इलेक्ट्रिक सिटी बसें चलाने की तैयारी है। वर्तमान में शहर में संचालित इलेक्ट्रिक बसों की चार्जिंग के लिए महेसरा डिपो पर निर्भर रहना पड़ता है। बसों की संख्या बढ़ने के साथ ही एकमात्र चार्जिंग स्टेशन पर दबाव बढ़ने की आशंका है। ऐसे में चरगावां में दूसरा स्टेशन बनाने की योजना तैयार की गई है।
उत्तरी क्षेत्र के यात्रियों को मिलेगी राहत
चरगावां में चार्जिंग स्टेशन बनने से उत्तरी गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों में संचालित होने वाली बसों को विशेष सुविधा मिलेगी। अभी चार्जिंग के लिए महेसरा तक आने-जाने में बसों का काफी समय लग जाता है।
नया स्टेशन बनने के बाद इस दूरी और समय की बचत होगी। बसों को अधिक समय तक मार्गों पर संचालित किया जा सकेगा। इससे यात्रियों को बसों की उपलब्धता बढ़ने और प्रतीक्षा समय कम होने का लाभ मिल सकता है।
दूसरे चार्जिंग स्टेशन के निर्माण को महानगर में इलेक्ट्रिक बस सेवा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। हालांकि, बसों की संख्या बढ़ाने के साथ चार्जिंग की क्षमता और अन्य जरूरी सुविधाओं का विस्तार भी महत्वपूर्ण होगा।
चरगावां में इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग स्टेशन का निर्माण जल्द शुरू होगा। टेंडर की प्रक्रिया 17 को पूरी हो जाएगी। इसके बन जाने से इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग आसान हो जाएगी। -अमित शर्मा, मुख्य अभियंता, नगर निगम।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।