विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बीएचयू में तैयार हो रहे 35 देशी-विदेशी किस्मों के मदर प्लांट, जापान के मियाजाकी से थाईलैंड के ब्लैक थंडर तक म‍िलेगा स्वाद

By Vns Shailesh Asthana Edited By: Abhishek sharma
Published: Mon, 16 Nov 2026 07:09 PM (IST)

काशी हिंदू विश्वविद्यालय 35 देशी-विदेशी आम की किस्मों के मदर प्लांट विकसित कर रहा है, जिनमें जापान का मियाजाकी और ...और पढ़ें

बीएचयू में तैयार हो रहे 35 रंगीन आम की किस्में मियाजाकी और ब्लैक थंडर से बढ़ेगी किसानों की आय।

बीएचयू में तैयार हो रहे 35 रंगीन आम की किस्में मियाजाकी और ब्लैक थंडर से बढ़ेगी किसानों की आय।

HighLights

  1. बीएचयू 35 देशी-विदेशी आम किस्मों के मदर प्लांट विकसित कर रहा है।

  2. जापान के मियाजाकी, थाईलैंड के ब्लैक थंडर जैसी किस्में शामिल।

  3. किसानों को उन्नत खेती, नए बाजार, निर्यात के अवसर मिलेंगे।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। आम का रंग अब सिर्फ पीला और हरा ही नहीं रहेगा। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के उद्यान विशेषज्ञ आम की ऐसी 35 देशी-विदेशी किस्मों के मदर प्लांट विकसित कर रहे हैं, जिनके फल लाल, बैंगनी, गुलाबी और नीले रंगों में नजर आएंगे। जापान के विश्व प्रसिद्ध मियाजाकी से लेकर थाईलैंड के ब्लैक थंडर और आल टाइम जैसी किस्में इस पहल का हिस्सा हैं।

इसका उद्देश्य आम की विविधता बढ़ाने के साथ किसानों को ऐसी उन्नत किस्मों से जोड़ना है, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में खास पहचान और मांग है। इससे भविष्य में आम की खेती को अधिक लाभकारी बनाने और निर्यात की नई संभावनाएं तलाशने का रास्ता खुलेगा।

योजना है कि अगले वर्ष गर्मी तक इनकी पौध किसानों को उपलब्ध कराई जाए। इससे पूर्व विश्वविद्यालय मुख्य रूप से लंगड़ा, दशहरी, चौसा, आम्रपाली, फजली, बीजू और रामकेला जैसी पारंपरिक किस्मों के पौधे तैयार कर किसानों तक पहुंचाता रहा है। अब इस दायरे को बढ़ाकर दुर्लभ और विदेशी किस्मों पर भी ध्यान केंद्रित किया गया है।

इसमें जापान का मियाजाकी आम खासा चर्चित है। गहरे लाल-बैंगनी रंग, मिठास और विशिष्ट पहचान के कारण इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में काफी मांग है। वहीं, थाईलैंड का ब्लैक थंडर अपने गहरे रंग और खास बनावट के लिए प्रसिद्ध है। आल टाइम भी वहां की लोकप्रिय किस्म है। इनके साथ अन्य रंगीन और विशिष्ट गुणों वाले आमों के मदर प्लांट विकसित किए जा रहे हैं।

किसानों के लिए खुलेंगे नए विकल्प

वरिष्ठ उद्यान अधिकारी अश्विनी कुमार देशवाल ने बताया कि पारंपरिक किस्मों के साथ अलग रंग, स्वाद और आकार वाले आमों की खेती किसानों को नए बाजार उपलब्ध करा सकती है। बीएचयू लंबे समय से किसानों को आम की विभिन्न किस्मों के पौधे उपलब्ध करा रहा है। अब विदेशी और देशी दुर्लभ किस्मों के मदर प्लांट तैयार कर इस प्रयास का विस्तार किया जा रहा है। इससे पूर्वांचल में आम की खेती को नई पहचान मिलेगी। रंग, स्वाद और गुणवत्ता के आधार पर नए बाजार की संभावनाएं विकसित होंगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।