गोरखपुर की सड़कों पर उतरा 308 पहियों वाला 'महाबली', विशालकाय बायलर देख ठिठके लोग, बनने लगे रील्स
बलरामपुर चीनी मिल के लिए बेल्जियम से मंगाया गया 200 टन का बायलर 308 पहियों वाले 'महाबली' वाहन पर गोरखपुर ...और पढ़ें

308 पहियों वाला विशालकाय ट्रक लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। जागरण
HighLights
बेल्जियम से आया 200 टन का बायलर गोरखपुर पहुंचा।
308 पहियों वाला 'महाबली' वाहन लोगों का आकर्षण बना।
सड़क चौड़ी कर विशेष मार्ग से किया जा रहा परिवहन।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। 308 पहियों वाला महाबली दो सौ टन का बायलर लेकर जिले में आ गया है। इस पर दो सौ टन वजन का बायलर रखा हुआ है। शुक्रवार को महाबली बेलीपार थाने के पास पहुंचा तो लोग हैरानी से उसे देखते रहे। कोई सेल्फी लेने में जुट गया तो कोई वीडियो बनाकर फेसबुक, इंस्टाग्राम पर अपलोड करने लगा। हर कोई अपने तरीके से महाबली की व्याख्या करता दिखा।
बलरामपुर में चीनी मिल में बायलर लगना है। इसे बेल्जियम से मंगाया गया है। ओडिशा के बंदरगाह पर बायलर उतारा गया। इसके बाद उसे सड़क मार्ग से ले आया जा रहा है। बायलर की चौड़ाई सात मीटर और ऊंचाई आठ मीटर है।
इस कारण उसे आगे बढ़ाने के लिए अलग जगह बनानी पड़ रही है। बेलीपार से बाघागाड़ा होते हुए महाबली पहले लिंक एक्सप्रेसवे पर जाएगा। यहां से भगवानपुर टोल प्लाजा के पहले यूटर्न लेकर फ्लाईओवर होते हुए तेनुआ टोल प्लाजा की तरफ उतरेगा।
तेनुआ टोल प्लाजा पर यह उल्टी दिशा में होते हुए आगे बढ़ेगा। दरअसल, बाघागाड़ा से तेनुआ टोल प्लाजा के बीच जहां से लिंक एक्सप्रेसवे शुरू हो रहा है, वहां फ्लाईओवर है। ऊंचाई ज्यादा होने के कारण महाबली का फ्लाईओवर के नीचे से गुजरना संभव नहीं है। इस कारण इसे पहले लिंक एक्सप्रेसवे पर ले जाया जाएगा।
शनिवार शाम तक इसे तेनुआ टोल प्लाजा तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद सहजनवा होते हुए बस्ती की ओर भेजा जाएगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और प्रशासन के अधिकारी ट्रालर पर नजर रखे हुए हैं। जिस थाना क्षेत्र से इसे गुजरना है, उसके थानाध्यक्ष व पुलिसकर्मियों को व्यवस्था बनाने की जिम्मेदारी दी गई।
यह भी पढ़ें- 308 पहियों वाले महाट्रक के लिए गोरखपुर में बन रहा अलग रूट, बेल्जियम के वेसल को लेकर पहुंचेगा कुंभी चीनी मिल
संकरी सड़कों को किया जा रहा चौड़ा
बायलर लदे ट्रालर को आसानी से पार कराने के लिए जगह-जगह सड़क की चौड़ाई बढ़ाई जा रही है। ट्रालर के आगे दो पायलट वाहन और विशेषज्ञों की टीम चल रही है।
यह है बायलर
बायलर एक ऐसा बंद दबाव वाला पात्र होता है, जिसमें ईंधन (जैसे कोयला, गैस या डीजल) को जलाकर या बिजली से पानी को गर्म कर भाप या गर्म पानी तैयार किया जाता है। इसका उपयोग बिजली घरों में टरबाइन चलाने, उद्योगों में प्रोसेसिंग और बड़े भवनों में हीटिंग के लिए किया जाता है।
