गोरखपुर में 12 करोड़ की लागत से शहर में बनेंगी सड़कें और नाले, पार्क का भी होगा सुंदरीकरण
गोरखपुर नगर निगम 12 करोड़ रुपये की लागत से 27 निर्माण कार्य कराएगा, जिसमें सीसी सड़क, आरसीसी नाली और बड़े नाले शामिल हैं। इससे शहर में आवागमन सुगम होगा, जलभराव की समस्या दूर होगी और पार्कों का भी सुंदरीकरण होगा।
-1795500834350_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
12 करोड़ की लागत से 27 निर्माण कार्य होंगे।
सीसी सड़क, आरसीसी नाली और बड़े नाले बनेंगे।
ठेकेदारों को पांच साल तक रखरखाव की जिम्मेदारी।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। टूटी सड़कों से राहत और जलभराव की समस्या दूर करने के लिए नगर निगम अवस्थापना विकास निधि से करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से 27 निर्माण कार्य कराएगा। योजना में सीसी सड़क, आरसीसी नाली और बड़े नाले बनाने के साथ हाटमिक्स सड़क तथा पार्क का सुंदरीकरण भी शामिल है। महापौर डा. मंगलेश श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुई बैठक में योजना को मंजूरी मिल चुकी है।
कई मोहल्लों में बदलेगा आवागमन का रास्ता
बड़गो, लच्छीपुर, बेतियाहाता, गायघाट, गोरखनाथ मंदिर के पीछे की गलियों, शाहपुर, शक्तिनगर, उर्वरक नगर, बंधू सिंह नगर, महर्षि दधिचिनगर, साकेतनगर, शिवाजीनगर, राप्तीनगर, बरगदवा और रामनगर में सीसी सड़क और आरसीसी नाली बनाई जाएगी। इससे आवागमन सुगम होने के साथ जलनिकासी बेहतर होगी।
आठ स्थानों पर बड़े नाले, जल निकासी होगी व्यवस्था
लालडिग्गी चौराहा, महात्मा ज्योतिबा फुले नगर, कल्याणपुर, विजय चौक, आत्माराम नगर, माया बाजार, कृष्णमोहन पांडेय नगर और चंद्रशेखर आजाद चौक में आरसीसी नाले बनेंगे। द्वारिकापुरी कालोनी गेट से तुरहाबारी शिवमंदिर तक हाटमिक्स प्लांट से सड़क और पटरी बनाई जाएगी। गिरधरगंज में सड़क-नाली निर्माण के साथ पार्क का सुंदरीकरण होगा।
सड़क बनाकर भूल नहीं सकेंगे ठेकेदार, पांच वर्ष तक देनी होगी जवाबदेही
निर्माण पूरा होने के बाद पांच साल तक सड़क के रखरखाव की जिम्मेदारी ठेकेदार की होगी। परियोजना लागत की पांच प्रतिशत राशि परफॉर्मेंस गारंटी के रूप में रोकी जाएगी और गुणवत्ता जांच के बाद ही भुगतान होगा। फर्जी दस्तावेज या एक ही एफडीआर का कई कार्यों में इस्तेमाल करने पर अनुबंध निरस्त करने, धरोहर राशि जब्त करने और फर्म को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी।