विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

37 साल में बदली गीडा की तस्वीर: 30 हजार करोड़ का निवेश और 50000 लोगों को मिला रोजगार, अब बन रहा नया इंडस्ट्रियल हब

Published: Mon, 16 Nov 2026 07:48 PM (GMT+05:30)Updated: Mon, 16 Nov 2026 07:50 PM (GMT+05:30)

गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) अपनी 37वीं वर्षगांठ मना रहा है, जिसने पिछड़े औद्योगिक क्षेत्र से उभरते हुए हब तक का सफर तय किया है।

37 साल में बदली गीडा की तस्वीर।

37 साल में बदली गीडा की तस्वीर।

HighLights

  1. गीडा में 30 हजार करोड़ का निवेश, 50 हजार रोजगार।

  2. 500 से अधिक औद्योगिक इकाइयां स्थापित, बड़े ब्रांड मौजूद।

  3. धुरियापार में नया औद्योगिक हब विकसित करने की योजना।

राजीव रंजन, गोरखपुर। एक समय था जब गोरखपुर की पहचान पूर्वांचल के पिछड़े औद्योगिक क्षेत्रों में होती थी। बड़े उद्योगों की कमी, निवेशकों की सीमित रुचि और बुनियादी सुविधाओं की चुनौतियां औद्योगिक विकास की राह में बाधा थीं। लेकिन, अब तस्वीर बदल रही है। गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) अपने 37वें स्थापना दिवस समारोह की तैयारी कर रहा है।

30 नवंबर से दो दिसंबर तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय समारोह के बीच गीडा की विकास यात्रा पर नजर डालें तो यह केवल एक औद्योगिक क्षेत्र के विस्तार की कहानी नहीं, बल्कि पूर्वांचल की आर्थिक पहचान बदलने की कोशिश का भी उदाहरण है।

30 नवंबर 1989 को स्थापित गीडा ने शुरुआती वर्षों में जिस औद्योगिक पहचान के लिए संघर्ष किया, आज उसी क्षेत्र में 500 से अधिक औद्योगिक इकाइयां स्थापित हो चुकी हैं। इन इकाइयों के माध्यम से करीब 50 हजार लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है।

पेप्सिको, कोका-कोला, अदाणी समूह और तत्वा प्लास्टिक जैसी कंपनियों की मौजूदगी बताती है कि अब गोरखपुर निवेशकों के लिए केवल संभावनाओं वाला क्षेत्र नहीं, बल्कि निवेश के लिहाज से उभरता हुआ औद्योगिक केंद्र भी है।

पांच हजार करोड़ से 30 हजार करोड़ तक पहुंचा निवेश

आज गीडा में 500 से अधिक औद्योगिक इकाइयां स्थापित हो चुकी हैं। यहां निवेश का आंकड़ा 2017 से पहले पांच हजार करोड़ रुपये से कम था, जो 2018 से 2026 के बीच बढ़कर करीब 30 हजार करोड़ रुपये का निवेश हो चुका है। करीब 10 हजार करोड़ के निवेश की परियोजना पाइपलाइन में है।

चेंबर आफ इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष आरएन सिंह ने बताया कि गीडा औद्योगिक क्षेत्र में 50 हजार से अधिक लोग काम कर रहे हैं। पेप्सिको, कोका-कोला, अदाणी समूह और अन्य बड़ी कंपनियों की मौजूदगी से गीडा की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत हुई है।

अब धुरियापार पर टिकी औद्योगिक विस्तार की नजर

गीडा के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती औद्योगिक विकास को अगले स्तर तक पहुंचाने की है। इसके लिए धुरियापार औद्योगिक क्षेत्र को बड़े औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां सेक्टर छह में करीब 160 एकड़ भूमि पर औद्योगिक विकास की योजना है।

वहीं 120 एकड़ में प्लग एंड प्ले औद्योगिक परिसर विकसित करने के लिए 102.35 करोड़ रुपये की परियोजना प्रस्तावित है। इसका मकसद निवेशकों को तैयार बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें उद्योग लगाने में लंबा इंतजार न करना पड़े।

स्थापना दिवस पर स्थानीय उत्पादों को मिलेगा मंच

तीन दिवसीय स्थापना दिवस समारोह में 150 से अधिक स्टाल लगाए जाएंगे। इनमें 75 स्टाल प्रदेश के लघु उद्योगों और 50 स्टाल गीडा में निर्मित उत्पादों के लिए होंगे। पहली बार एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) और एक जिला एक व्यंजन (ओडीओसी) के उत्पाद भी प्रदर्शित किए जाएंगे।

क्या बोले उद्यमी

स्थापना से अब तक गीडा में करीब 30 हजार करोड़ का निवेश हो चुका है। गीडा की इस यात्रा में सबसे महत्वपूर्ण बदलाव निवेशकों का भरोसा बढ़ना है। बेहतर सड़क संपर्क, बिजली, औद्योगिक भूखंडों की उपलब्धता और निवेश अनुकूल नीतियों ने उद्योगों के लिए माहौल तैयार किया है। अब गोरखपुर में उद्योग लगाने की संभावनाएं केवल पारंपरिक इकाइयों तक सीमित नहीं हैं। खाद्य प्रसंस्करण, प्लास्टिक, पैकेजिंग और बड़े विनिर्माण उद्योगों के लिए भी जमीन तैयार हो रही है। -एसके अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष, चेंबर ऑफ इंडस्ट्रीज।


गीडा के 37वें स्थापना दिवस का महत्व केवल बीते वर्षों की उपलब्धियां गिनाने तक सीमित नहीं है। यह इस बात का आकलन करने का अवसर भी है कि औद्योगिक विकास का लाभ कितनी तेजी से आम लोगों, स्थानीय कारोबारियों और युवाओं तक पहुंच रहा है। गीडा अब अपनी पहचान स्थापित करने के दौर से आगे निकलकर पूर्वांचल की अर्थव्यवस्था का मजबूत आधार बनने की दिशा में बढ़ रहा है। आने वाले वर्षों में उसकी सफलता का असली पैमाना निवेश की घोषणाएं नहीं, बल्कि जमीन पर स्थापित उद्योग और उनसे पैदा होने वाले रोजगार होंगे। -आरएन सिंह, अध्यक्ष, चेंबर आफ इंडस्ट्रीज।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में बनेगा महानगर का दूसरा इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग स्टेशन, 150 नई एसी इलेक्ट्रिक बसें चलाने की भी तैयारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।