दूरदर्शन पर गूंजेगी पूर्वांचल की आवाज, पांच जिलों के युवाओं को मिलेगा मौका; वाराणसी में होगा लास्ट ऑडिशन
दूरदर्शन गोरखपुर 'वायस ऑफ पूर्वांचल' गायन प्रतियोगिता आयोजित कर रहा है, जिससे पूर्वांचल की गायन प्रतिभाओं को बड़ा मंच मिलेगा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
दूरदर्शन गोरखपुर 'वायस ऑफ पूर्वांचल' गायन प्रतियोगिता आयोजित कर रहा है।
पांच जिलों में ऑडिशन, वाराणसी में अंतिम चरण 27 नवंबर को।
16 से 35 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागियों को मौका मिलेगा।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। पूर्वांचल की गायन प्रतिभाओं को अब अपनी आवाज का हुनर दिखाने के लिए बड़ा मंच मिलने जा रहा है। दूरदर्शन गोरखपुर की ओर से वायस ऑफ पूर्वांचल नाम से गायन प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इसके लिए पूर्वांचल के पांच जिलों में ऑडिशन की प्रक्रिया शुरू की गई है।
चयनित प्रतिभागियों को दूरदर्शन के मंच पर अपनी गायकी का प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी को वायस आफ पूर्वांचल का पुरस्कार दिया जाएगा।
इन जिलों के लिए ऑडिशन निर्धारित
दूरदर्शन के अधिकारियों का कहना है कि कार्यक्रम के लिए गोरखपुर, महराजगंज, बस्ती, देवरिया और वाराणसी में ऑडिशन निर्धारित किए गए हैं। इनमें से महराजगंज, बस्ती, देवरिया और गोरखपुर में ऑडिशन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
27 नवंबर को वाराणसी में अंतिम ऑडिशन आयोजित किया जाएगा। इसके बाद सभी स्थानों से चयनित प्रतिभागियों को प्रतियोगिता के अगले चरण में शामिल किया जाएगा।
16 से 35 वर्ष आयु वर्ग वालों को मिलेगा मौका
इसके लिए 16 से 35 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागियों को मौका दिया जा रहा है। बस्ती में आयोजित ऑडिशन में लगभग 100 से 125 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जबकि देवरिया में करीब 150 और महराजगंज में 70 से 80 प्रतिभागी अपनी गायकी का हुनर दिखाने पहुंचे।
कार्यक्रम अधिकारी मोहन यादव ने बताया कि ऑडिशन के माध्यम से चयनित गायकों के बीच प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। विभिन्न चरणों में प्रतिभागियों को अपनी गायन क्षमता साबित करनी होगी। अंतिम चरण में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले गायक को वायस आफ पूर्वांचल की पहचान मिलेगी।
जनवरी में इसके निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी है। इसका प्रसारण दूरदर्शन गोरखपुर केंद्र के माध्यम से करने की योजना है। उन्होंने बताया कि इसका उद्देश्य पूर्वांचल के ऐसे गायकों को मंच उपलब्ध कराना है, जिन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए उचित अवसर नहीं मिल पाता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।