विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में आंध्र प्रदेश की कंपनी लगाएगी 350 करोड़ की फिश फीड फैक्ट्री, युवाओं को मिलेगा रोजगार

Published: Sun, 13 Sep 2026 07:58 AM (IST)

आंध्र प्रदेश की दीपक नेक्सजेन फीड्स प्राइवेट लिमिटेड गोरखपुर के गीडा में 350 करोड़ रुपये के निवेश से अत्याधुनिक फिश ...और पढ़ें

'किंगफिश' ब्रांड के तहत होगा उत्पादन, गीडा में 15 एकड़ जमीन पर बनेगी इकाई। जागरण

'किंगफिश' ब्रांड के तहत होगा उत्पादन, गीडा में 15 एकड़ जमीन पर बनेगी इकाई। जागरण

HighLights

  1. गीडा में 350 करोड़ की फिश फीड इकाई लगेगी।

  2. 'किंगफिश' ब्रांड के तहत होगा गुणवत्तापूर्ण उत्पादन।

  3. परियोजना से 500 प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर।

राजीव रंजन, गोरखपुर। गोरक्षनगरी औद्योगिक निवेश के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रही है। अब देश की अग्रणी जलीय कृषि (एक्वाकल्चर) एवं मछली-झींगा आहार निर्माता आंध्रप्रदेश की कंपनी दीपक नेक्सजेन फीड्स प्राइवेट लिमिटेड गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) क्षेत्र में करीब 350 करोड़ रुपये के निवेश से अत्याधुनिक फिश फीड निर्माण इकाई स्थापित करेगी।

कंपनी ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए गीडा प्रशासन से 15 एकड़ भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। प्रस्तावित निवेश से न केवल औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी, बल्कि पूर्वांचल में मत्स्य पालन उद्योग को भी बड़ा प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

प्रस्तावित फैक्ट्री में कंपनी अपने लोकप्रिय 'किंगफिश' ब्रांड के तहत उच्च गुणवत्ता वाले फिश फीड का उत्पादन करेगी। यह इकाई आधुनिक तकनीक और स्वचालित मशीनों से लैस होगी, जहां मछली पालन के लिए विभिन्न श्रेणी के पोषक आहार तैयार किए जाएंगे। फैक्ट्री से उत्तर प्रदेश सहित उत्तर भारत के राज्यों में फिश फीड की आपूर्ति आसान होगी, जिससे परिवहन लागत कम होने के साथ मछली पालकों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उपलब्ध हो सकेगा।

इस परियोजना से करीब 500 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने का अनुमान है। वहीं परिवहन, पैकेजिंग, वेयरहाउसिंग, विपणन, रखरखाव और अन्य सहायक गतिविधियों के माध्यम से बड़ी संख्या में अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। स्थानीय युवाओं को तकनीकी और गैर-तकनीकी दोनों क्षेत्रों में रोजगार मिलने की संभावना है, जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

पिछले कुछ वर्षों में गीडा क्षेत्र में खाद्य प्रसंस्करण, डेयरी, प्लास्टिक, इंजीनियरिंग और अन्य विनिर्माण इकाइयों के साथ अब जलीय कृषि से जुड़ा बड़ा निवेश आने से औद्योगिक विविधता भी बढ़ेगी। इससे मत्स्य पालन से जुड़े उद्यमियों और किसानों को आधुनिक तकनीक तथा गुणवत्तापूर्ण आहार स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेगा।

आवासीय टाउनशिप भी विकसित करेगी कंपनी
गीडा प्रशासन के अनुसार कंपनी अपने कर्मचारियों के लिए 500 फ्लैटों वाली आधुनिक आवासीय टाउनशिप भी विकसित करेगी। इस टाउनशिप में कर्मचारियों के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे औद्योगिक विकास के साथ-साथ सुव्यवस्थित आवासीय और सामाजिक ढांचे का भी विस्तार होगा। विशेषज्ञों का मानना है कि इस प्रकार की परियोजनाएं औद्योगिक क्षेत्रों को दीर्घकालिक रूप से अधिक आकर्षक बनाती हैं।

फ्लोटिंग फिश फीड के क्षेत्र में है कंपनी की मजबूत पहचान
दीपक नेक्सजेन फीड्स प्राइवेट लिमिटेड भारत की प्रमुख एक्वाकल्चर फीड कंपनियों में शामिल है। कंपनी का मुख्य परिचालन आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले के बोम्मुलुरु स्थित संयंत्र से होता है। वर्ष 2012 में कंपनी ने 'किंगफिश' ब्रांड लांच किया था, जिसने देश में फ्लोटिंग फिश फीड के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बनाई।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर दीवानी न्यायालय में लगी लोक अदालत, निस्तारित किए गए 11.80 लाख मामले

वर्तमान में कंपनी कार्प मछलियों के लिए विभिन्न प्रकार के फिश फीड, आर्गेनिक फिश फीड, सिंकिंग फिश फीड, विशेष बायो फीड तथा झींगा पालन के लिए अलग श्रेणी के आहार का उत्पादन करती है। इसके उत्पाद देश के 15 से अधिक राज्यों में उपलब्ध हैं और कंपनी भारत की अग्रणी जलीय आहार निर्माताओं में गिनी जाती है।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में वेब सीरीज 'बुरा न मिलिया कोय' की होगी शूटिंग, मुंबई से पहुंचेगी 80 सदस्यों की टीम




दीपक नेक्सजेन फीड्स प्राइवेट लिमिटेड ने 350 करोड़ रुपये के निवेश के साथ फिश फीड निर्माण इकाई स्थापित करने के लिए 15 एकड़ भूमि की मांग की है। कंपनी का प्रस्ताव प्राप्त हो चुका है और नियमानुसार आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराते हुए 15 अगस्त के बाद भूमि आवंटन की कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी। इस परियोजना के शुरू होने से क्षेत्र में निवेश, रोजगार और औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

-

-अनुज मलिक, मुख्य कार्यपालक अधिकारी, गीडा