गोरखपुर में वेब सीरीज 'बुरा न मिलिया कोय' की होगी शूटिंग, मुंबई से पहुंचेगी 80 सदस्यों की टीम
गोरखपुर के यांत्रिक कारखाना में वेब सीरीज 'बुरा न मिलिया कोय' की शूटिंग होने जा रही है, जिसके लिए मुंबई से 80 सदस्यों की टीम पहुंच रही है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
गोरखपुर यांत्रिक कारखाना में 'बुरा न मिलिया कोय' वेब सीरीज की शूटिंग।
मुंबई से 80 सदस्यीय टीम और अभिनेता गौरव घेरा पहुंचेंगे।
रेलवे प्रशासन की अनुमति के बाद शूटिंग की तैयारियां जोरों पर।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। यांत्रिक कारखाना गोरखपुर में वेब सीरीज 'बुरा न मिलिया कोय' की शूटिंग होगी। मुंबई से 80 सदस्याें की टीम सोमवार को सुबह 06:30 बजे कारखाना परिसर पहुंच जाएगी। टीम में दो वैनिटी वैन, एक लाइटिंग ट्रक, दो प्रोडक्शन पिकअप वाहन और एक कैमरा वाहन शामिल होंगे। सीरीज में धुरंधर फिल्म में कार्य कर चुके अभिनेता गौरव घेरा भी महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आएंगे, जो शूटिंग के लिए टीम के साथ कारखाना में मौजूद रहेंगे।
रेलवे प्रशासन की अनुमति के बाद यांत्रिक कारखाना प्रबंधन ने फिल्म की शूटिंग को लेकर अपनी तैयारी तेज कर दी है। सुरक्षा का विशेष ख्याल रखा जा रहा है। कारखाना के सहायक कार्मिक अधिकारी ने संबंधित सभी सीनियर सेक्शन इंजीनियरों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिया है। उन्होंने शूटिंग में सहयोग के लिए नौ कर्मचारियों को नामित भी कर दिया है।
सहायक कार्मिक अधिकारी ने कारखाना परिसर और चक्काघर आदि की साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने को कहा है। ताकि, शूटिंग में कोई व्यवधान उत्पन्न न हो सके।
मुंबई स्थित फिल्म कंपनी के विजय शंकर प्रधान ने बताया कि सोनी इंटरटेनमेंट चैनल के लिए सीरीज की शूटिंग की जानी है। सीरीज का नाम 'बुरा न मिलिया कोय' प्रस्तावित है, आगे बदल भी सकता है। शूटिंग के लिए अभिनेता गौरव घेरा समेत कई कलाकार गोरखपुर पहुंच रहे हैं। रेलवे प्रशासन ने शूटिंग की अनुमति प्रदान कर दी है।
जानकारों का कहना है कि फिल्म निर्माताओं को रेलवे स्टेशनों, ट्रेनों, प्लेटफॉर्मों और कारखानों आदि में फिल्म, सीरियल, सीरीज आदि की शूटिंग के लिए रेलवे प्रशासन से अनुमति लेनी पड़ती है। उसके लिए निर्धारित शुल्क जमा करना होता है।
रेलवे प्रशासन शुल्क लेने के बाद नियम व शर्तों के आधार पर शूटिंग की अनुमति प्रदान करता है। बिना अनुमति के रेलवे परिसर में किसी भी प्रकार की कोई शूटिंग नहीं की जा सकती है। यांत्रिक कारखाना में पहली बार वेब सीरीज की शूटिंग होने जा रही है।
