गोरखपुर रेलवे कॉलोनी में दिनदहाड़े चोरी, रेलकर्मी के घर से लाखों के गहने और नकदी गायब
गोरखपुर के शाहपुर क्षेत्र की जटेपुर रेलवे कॉलोनी में दिनदहाड़े एक रेलकर्मी के घर चोरी हो गई, चोर लाखों के ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
जटेपुर रेलवे कॉलोनी में दिनदहाड़े रेलकर्मी के घर चोरी हुई।
चोरों ने अलमारी तोड़कर लाखों के गहने और नकदी चुराई।
चार महीने में रेलवे कॉलोनी में यह पांचवीं चोरी की घटना।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। शाहपुर क्षेत्र की जटेपुर रेलवे कालोनी में गुरुवार को चोरों ने दिनदहाड़े रेलकर्मी के आवास को निशाना बना दिया। यांत्रिक कारखाना, पूर्वोत्तर रेलवे में तकनीशियन राम आशीष यादव के आवास संख्या 140-बी में पीछे का दरवाजा तोड़कर घुसे चोर अलमारी का लाकर तोड़कर छह जोड़ी पायल, सोने का मंगलसूत्र, नथिया, कान की बालियां और 14 हजार रुपये नकद समेत अन्य सामान समेट ले गए।
राम आशीष की पत्नी सुबह करीब 10:15 बजे बच्चों को दिखाने रेलवे अस्पताल गई थीं। करीब 12:10 बजे लौटने पर चोरी की जानकारी हुई। घर का पूरा सामान बिखरा मिला। चोर पीछे का दरवाजा तोड़कर घर में दाखिल हुए और अलमारी खोलकर वारदात को अंजाम देकर निकल गए। दिनदहाड़े रेलवे कालोनी में हुई चोरी से आसपास रहने वाले रेलकर्मियों में भी चिंता बढ़ गई।
सूचना पर पहुंची शाहपुर पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस चोरों की पहचान और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है। एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि शाहपुर थाना पुलिस छानबीन कर रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।
सुरक्षित रेलवे कालोनी में चोरों का खौफ,चार महीने में पांच घरों में चोरी
रेलवे कालोनी को शहर की सुरक्षित बस्तियों में माना जाता है, लेकिन लगातार हो रही चोरियों ने अब यहां रहने वाले रेलकर्मियों की चिंता बढ़ा दी है। जून से 17 सितंबर के बीच रेलवे कालोनी के पांच आवासों में चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
कहीं परिवार कुछ घंटों के लिए बाहर गया तो चोर घर खंगाल ले गए और कहीं ड्यूटी पर गए रेलकर्मी के पीछे का दरवाजा तोड़कर लाखों के जेवर और नकदी पार कर दी। बुधवार को जटेपुर कालोनी में हुई दिनदहाड़े चोरी ने कर्मचारियों के इस डर को और बढ़ा दिया कि कालोनी की सुरक्षा आखिर कितनी प्रभावी है।
पांच जून को रेलवे डेयरी कालोनी में वरिष्ठ अनुभाग अभियंता अजय कुमार कश्यप के आवास से करीब 35 हजार रुपये, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान चोरी हुआ था। 15 जून को कौआबाग रेलवे कालोनी के आवास संख्या 438-ए में वरिष्ठ लेखाकार स्वप्निल श्रीवास्तव के घर पीछे का फाटक तोड़कर चोर घुसे थे। अलमारी और दीवान खंगालकर लाखों रुपये के जेवर और नकदी ले गए।
26 जुलाई को राकेश सिंह परिवार के साथ मानीराम दुर्गा मंदिर गए थे। लौटे तो मुख्य दरवाजा टूटा था और अलमारी से सोने, चांदी व हीरे के गहने तथा 80 हजार रुपये गायब थे। 31 अगस्त को कौआबाग रेलवे कॉलोनी के आवास संख्या 565-बी में कामर्शियल इंस्ट्रक्टर पुरेंदु कुमार के घर से पांच हजार रुपये, चांदी के जेवर, सिक्का, पीतल के बर्तन और सोने के आभूषण चोरी हुए।
यह भी पढ़ें- महराजगंज में रिजेक्ट, गोरखपुर में कनेक्शन को लिए जमा किए 47 हजार
खास बात यह रही कि यह वारदात कौआबाग पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर दिनदहाड़े हुई। लगातार हो रही घटना से रेलकर्मी दहशजता हैं। आशंका है कि चोर कालोनी के रास्तों और आवासों की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं।
