चक्रवात अर्नब का कहर: गोरखपुर के किसानों की बढ़ी चिंता, फसलों पर संकट
चक्रवात अर्नब के कारण गोरखपुर में मौसम खराब होने से किसान चिंतित हैं। सरसों, आलू, धान सहित अन्य फसलों को ...और पढ़ें

शुक्रवार व शनिवार में तेज हवा के साथ वर्षा का है अनुमान। जागरण
HighLights
चक्रवात अर्नब से गोरखपुर में मौसम हुआ खराब।
सरसों, आलू, धान सहित कई फसलें प्रभावित होने का डर।
कृषि विभाग ने किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। चक्रवात अर्नब की वजह से मौसम खराब हो गया है। सरसो, आलू समेत अन्य सब्जी की बोआई कर चुके या करने की तैयारी में जुटे किसान चिंतित हैं। गुरुवार को हल्की वर्षा जरूर हुई, लेकिन इससे नुकसान की संभावना नहीं के बराबर रही।
शुक्रवार व शनिवार को तेज हवा के साथ वर्षा का अनुमान है। यदि यह सही हुआ तो इन फसलों को नुकसान पहुंचेगा। साथ ही धान की तैयार फसल को भी नुकसान होने की संभावना है। खेत में जलभराव हुआ तो रबी की फसल की बोवाई भी पिछड़ सकती है।
कृषकों को सतर्क रहने की दी सलाह
उप निदेशक कृषि डा. धनंजय सिंह ने चक्रवात अर्नब के दृष्टिगत कृषकों को सतर्क रहने एवं फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है। बताया कि प्रतिकूल मौसम का प्रभाव धान, गन्ना, खरीफ मक्का, अरहर, तिल, उड़द एवं मूंग सहित अन्य फसलों पर पड़ सकता है।
हवाओं के कारण गन्ने एवं धान की फसल गिरने, मक्का के तने टूटने, अरहर के पौधों एवं शाखाओं को क्षति पहुंचने तथा तिल, उड़द एवं मूंग की फलियों के झड़ने अथवा फटने की संभावना है। वर्षा एवं खेतों में जलभराव के कारण आलू, गेहूं, चना, मटर एवं सरसों की बोवाई प्रभावित होने के साथ-साथ बीज सड़ने तथा सब्जियों की नर्सरी एवं छोटे पौधों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
उन्होंने सलाह दी कि खेतों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था करें। धान एवं अन्य फसलों के पकने की अवस्था को ध्यान में रखते हुए मौसम अनुकूल होने पर कटाई को प्राथमिकता दें।
- वर्षा से खेत में खड़ी व काट कर रखी फसल धान की फसल को नुकसान पहुंचेगा। सब्जी व सरसो की खेती के लिए भी वर्षा नुकसानदाय होगी। - प्रभाकर सिंह, किसान, गाडर पिपरौली
- खेतों में पानी भरने से आलू, टमाटर व सरसों की फसल सड़ने लगेगी। यदि दो दिन और वर्षा हुई तो किसानों को दोहरी मार झेलनी पड़ेगी। - हनुमान सिंह, किसान, कालेसर
- सरसों की बोआई कर दी है। वर्षा से खेत में पानी जमा होगा तो बड़ा नुकसान उठाना पड़ेगा। सरसो के बीच खेत में ही सड़ जाएंगे। - गुलाब चंद, किसान, पचमा
- आलू की बोआई चल रही है। यदि पानी जमा हो गया तो आलू सड़ जाएगा। समय के साथ ही नुकसान भी होगा। पैदावार भी प्रभावित हो जाएगी। - सुनील कुमार, किसान, रामचौरा
