सीएम योगी की जन चौपाल से बजेगा मिशन 2027 का बिगुल, पार्षदों से लेकर बूथ प्रभारियों तक को मिली जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 19 नवंबर को गोरखपुर में जनचौपाल से मिशन 2027 के लिए भाजपा के प्रदेशव्यापी अभियान की शुरुआत करेंगे।
-1794756846525_m.webp)
योगी की जन चौपाल से बजेगा मिशन-2027 का बिगुल।
HighLights
मुख्यमंत्री योगी गोरखपुर से करेंगे जनचौपाल अभियान की शुरुआत।
मिशन 2027 के लिए भाजपा की राजनीतिक गतिविधियां तेज।
बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर जोर।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। विधानसभा चुनाव की आधिकारिक उल्टी गिनती भले अभी शुरू न हुई हो, लेकिन मिशन-2027 को लेकर भाजपा की राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभाएं पहले भी लगातार होती रही हैं, लेकिन 19 नवंबर को गोरखपुर में होने वाली जनचौपाल को प्रदेशव्यापी राजनीतिक अभियान की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।
खास बात यह है कि प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों में जनचौपाल आयोजित करने की योजना का शुभारंभ मुख्यमंत्री अपने गृह क्षेत्र गोरखपुर से करेंगे। ऐसे में इस आयोजन के राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं।
जनचौपाल के लिए भाजपा ने शुरू की तैयारी
कचहरी चौराहे स्थित टाउनहाल मैदान में होने वाली जनचौपाल के लिए भाजपा की क्षेत्रीय और महानगर इकाई ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। आयोजन को केवल मुख्यमंत्री के कार्यक्रम तक सीमित रखने के बजाय संगठन की जमीनी सक्रियता से जोड़ा जा रहा।
अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ ही बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की कवायद चल रही है। पार्टी की कोशिश है कि प्रदेशव्यापी अभियान की शुरुआत में संगठन की पूरी ताकत और उसकी जनता में सांगठनिक पहुंच दिखाई दे।
जनचौपाल के आयोजन स्थल को लेकर भी राजनीतिक संदेश अहम है। दीनदयाल नगर मंडल के अंतर्गत माया बाजार शक्ति केंद्र में होने वाले इस कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष, बूथ प्रभारी और मंडल की पूरी टीम की सहभागिता सुनिश्चित करने की तैयारी है। पार्षदों को भी आयोजन से जोड़ा जा रहा है। इससे साफ है कि कार्यक्रम की तैयारी में संगठन की सबसे निचली इकाई तक को शामिल किया जा रहा है।
बूथ प्रबंधन और जनसंपर्क पर नजर
मिशन-2027 की दृष्टि से भाजपा के लिए बूथ स्तर की सक्रियता और मतदाताओं तक पहुंच महत्वपूर्ण राजनीतिक मुद्दे हैं। ऐसे में जनचौपाल के जरिये सरकार और संगठन के बीच संवाद के साथ स्थानीय स्तर पर जनसंपर्क को भी विस्तार देने की कोशिश होगी। आइटी और सोशल मीडिया प्रकोष्ठ को भी सक्रिय किया गया है, ताकि कार्यक्रम की गतिविधियों और मुख्यमंत्री के संदेश को व्यापक स्तर तक पहुंचाया जा सके।
गोरखपुर से प्रदेशव्यापी संदेश
गोरखपुर से प्रदेशव्यापी जनचौपाल अभियान की शुरुआत मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण केंद्र में रखती है। आने वाले विधानसभा चुनाव से पहले इस तरह के कार्यक्रमों के जरिये संगठन की तैयारियों, जनसंपर्क और सरकार की प्राथमिकताओं को सामने लाने का प्रयास माना जा रहा है। जनचौपाल का असर आगे प्रदेश के दूसरे विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले आयोजनों की रूपरेखा और राजनीतिक संदेश में भी दिखाई देगा, ऐसा पार्टी नेतृत्व का मानना है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।