गोरखपुर से मिशन 2027 की बिसात पर बूथों को साधेंगे सीएम योगी, देंगे चुनाव में जीत का मंत्र
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में शामिल होंगे, जहां वे 2027 विधानसभा चुनाव के लिए संगठन को ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। जागरण
HighLights
सीएम योगी गोरखपुर में बूथ अध्यक्ष सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
2027 विधानसभा चुनाव के लिए बूथ स्तर पर संगठन मजबूत होगा।
892 बूथ अध्यक्षों को मिलेगा चुनावी जीत का मंत्र।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को धार देने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी ने बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत बनाने की प्रक्रिया तेज कर दी है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को गोरखपुर शहर और गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में शामिल होकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में सुबह 10 बजे से आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में दोनों विधानसभा क्षेत्रों के कुल 892 बूथ अध्यक्ष भाग लेंगे।
भाजपा बूथ को अपनी सबसे मजबूत इकाई मानती है। ऐसे मेंं पार्टी की ओर से आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए बूथ अध्यक्षों की भूमिका को और प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इस दृष्टि से विधानसभा स्तर पर बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है।
बुधवार को गोरखपुर नगर व ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के लिए आयोजित बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में मुख्यमंत्री बूथ अध्यक्षों को संगठन की कार्यशैली, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने और प्रत्येक बूथ पर पार्टी को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे। साथ ही चुनावी रणनीति और बूथ प्रबंधन के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी उनका मार्गदर्शन मिलेगा।

यह भी पढ़ें- आज दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर पहुंचेंगे CM योगी, देंगे 995 करोड़ की सौगात
भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने बताया कि प्रदेशभर में अलग-अलग स्थानों पर बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बूथ अध्यक्षों को मिशन 2027 में विजय का मंत्र देंगे और संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय बनाने का आह्वान करेंगे।
महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता के अनुसार सम्मेलन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम में गोरखपुर शहर विधानसभा के 457 और गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा के 435 बूथ अध्यक्ष मौजूद रहेंगे। सम्मेलन के दौरान मंचीय कार्यक्रम, स्वागत, प्रस्तावना और मुख्यमंत्री के उद्बोधन के बाद राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। महानगर अध्यक्ष का मानना है कि यह सम्मेलन आगामी विधानसभा चुनाव की दृष्टि से संगठनात्मक मजबूती का महत्वपूर्ण पड़ाव साबित होगा।
