विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आज दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर पहुंचेंगे CM योगी, देंगे 995 करोड़ की सौगात

Published: Wed, 22 Jul 2026 07:56 AM (IST)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर पहुंचेंगे, जहां वे संगठनात्मक कार्यक्रमों में भाग लेंगे और वर्षा प्रभावित इलाकों ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। जागरण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। जागरण

HighLights

  1. मुख्यमंत्री योगी का दो दिवसीय गोरखपुर दौरा आज से शुरू।

  2. 995 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास करेंगे।

  3. वर्षा प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण और बूथ अध्यक्षों से संवाद।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर आएंगे। पहले दिन वह संगठनात्मक कार्यक्रमों में भाग लेने के साथ शहर के वर्षा प्रभावित इलाकों का भी निरीक्षण कर सकते हैं। वहीं गुरुवार को वह करीब 995 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास करेंगे। इसके बाद देवरिया बाईपास स्थित सिक्सलेन फ्लाईओवर के समीप मैदान में जनसभा को संबोधित भी करेंगे।

मुख्यमंत्री बुधवार सुबह एनेक्सी भवन परिसर पहुंचेंगे। यहां से वह योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित शहर और गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। सुबह 10 बजे से शुरू होने वाले इस सम्मेलन में दोनों विधानसभा क्षेत्रों के 892 बूथ अध्यक्ष भाग लेंगे। मुख्यमंत्री कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक गतिविधियों और जनसंपर्क अभियान को लेकर मार्गदर्शन देंगे।

सम्मेलन के बाद मुख्यमंत्री के शहर के उन क्षेत्रों का निरीक्षण करने की संभावना है, जहां हाल की भारी वर्षा के दौरान जलभराव से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था। दौरे के दूसरे दिन गुरुवार को मुख्यमंत्री गोरखपुर के विकास को नई गति देने वाली परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

वह 813.52 करोड़ रुपये की लागत से तैयार चार परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे, जिनमें गोरखपुर का पहला सिक्सलेन फ्लाईओवर प्रमुख है। इसके अलावा 181.77 करोड़ रुपये की लागत वाली 10 नई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे।

यह भी पढ़ें- सहजनवा में विकास की रफ्तार तेज, अधूरे कार्यों पर जनता की निगाहें, विधायक प्रदीप शुक्ला का रिपोर्ट कार्ड जारी

इसी कार्यक्रम में वह कामकाजी महिलाओं के लिए ‘मुख्यमंत्री श्रमजीवी महिला छात्रावास योजना’ के तहत चरगांवा के खुटहन में 6640 वर्ग मीटर भूमि पर बन रहे 500 बेडेड श्रमजीवी महिला छात्रावास का शिलान्यास भी करेंगे। महिला एवं बाल कल्याण विभाग की तरफ से बन रहे इस छात्रावास के निर्माण पर 47.38 करोड़ रुपये की लागत आएगी।