विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लोक आस्था का सैलाब: गोरखपुर में नहाय-खाय के साथ महापर्व छठ का भव्य आगाज, आज मचेगी खरना की धूम

Published: Sat, 14 Nov 2026 09:08 AM (IST)

गोरखपुर में लोक आस्था का महापर्व छठ नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया है, जिसमें शहरभर में भक्तिमय माहौल और ...और पढ़ें

घर से घाटों तक बिखरने लगी है लोक आस्था की छटा। जागरण

 घर से घाटों तक बिखरने लगी है लोक आस्था की छटा। जागरण

HighLights

  1. नहाय-खाय के साथ गोरखपुर में छठ महापर्व का शुभारंभ हुआ।

  2. बाजारों में रौनक, घाटों पर तैयारियां तेज, भक्तिमय माहौल है।

  3. शनिवार को खरना, इसके बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत होगा।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। लोक आस्था, पवित्रता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। सुबह से ही शहर और आसपास के क्षेत्रों में छठ की छटा दिखाई देने लगी। घरों में छठी मइया के पारंपरिक गीत गूंजते रहे तो रसोई में प्रसाद बनाने की तैयारी चलती रही।

पूजा-अर्चना के साथ शंखध्वनियां सुनाई पड़ीं। बाजारों में फल, नारियल, सूप और दउरा की खरीदारी के लिए लोगों की आवाजाही बढ़ गई। घाटों पर सफाई, सजावट और प्रकाश व्यवस्था को अंतिम रूप देने का काम चलता रहा। शहर में चहुंओर छठ महापर्व की रौनक दिखाई देने लगी है। महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को खरना होगा।

शुक्रवार को व्रती महिलाओं ने सुबह स्नान के बाद घरों की साफ-सफाई कर शुद्धता के साथ कद्दू-भात का प्रसाद तैयार किया। भगवान सूर्य और छठी मइया की पूजा-अर्चना के बाद प्रसाद ग्रहण कर चार दिवसीय अनुष्ठान का संकल्प लिया। घरों में महिलाएं पूजन सामग्री व्यवस्थित करने में जुटी रहीं।

कहीं अनाज सुखाने तो कहीं ठेकुआ बनाने के लिए आटा, गुड़ और घी की व्यवस्था की जा रही है। परिवार के अन्य सदस्य भी पर्व की तैयारियों में हाथ बंटा रहे हैं। छठ गीतों में ''''कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए'''' और ''''केरवा

जे फरेला घवद से'''' जैसे पारंपरिक गीतों की गूंज से वातावरण भक्तिमय हो रहा है। परिवार के सदस्य छठ पूजा की तैयारियों में रम गए हैं।

छठ को लेकर बाजारों में भी भीड़ बढ़ गई है। फल मंडियों से लेकर फुटपाथ तक अस्थायी दुकानें सजी हैं। केला, नारियल, सेब, संतरा, अनानास सहित पूजन में इस्तेमाल होने वाले मौसमी फलों की खरीदारी के लिए लोग पहुंच रहे हैं। बांस के सूप, दउरा, ढकनी, मिट्टी के दीपक और पूजन सामग्री की दुकानों पर भी चहल-पहल है। दुकानदारों ने पर्व को देखते हुए सामान की उपलब्धता बढ़ा दी है।

व्रती महिलाएं और उनके स्वजन पूजा में चढ़ाए जाने वाले फलों और अन्य सामग्री की सूची के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं। उधर, छठ पूजा को लेकर शहर के प्रमुख घाटों पर भी तैयारियां तेज हैं। राप्ती नदी के राजघाट और तकियाघाट, सूर्यकुंड धाम, रामगढ़ताल, चिलुआताल सहित अन्य प्रमुख जलाशयों के किनारे साफ-सफाई, वेदी निर्माण, प्रकाश व्यवस्था और सजावट का काम कराया जा रहा है। श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने और अर्घ्य के दौरान सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

घाटों पर पहुंचने वाले व्रतियों और उनके स्वजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रास्तों को व्यवस्थित करने तथा सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे हैं। आयोजन समितियों के सदस्य भी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। घरों में छठ पूजा के लिए लोगों ने प्लास्टिक के टब खरीदे तो कुछ लोगों ने घर के सामने ही गड्ढा खोदवाकर वेदी बनाई है।

खरना के बाद शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला व्रत
महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को खरना होगा। व्रती महिलाएं दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण करेंगी। इसके साथ ही 36 घंटे के निर्जला व्रत की शुरुआत होगी। रविवार 15 नवंबर को व्रती महिलाएं नदी, तालाब और अन्य जलाशयों के घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगी। सोमवार 16 नवंबर की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा। इसके बाद व्रती महिलाएं पारण कर व्रत पूरा करेंगी।

यह भी पढ़ें- पूर्वोत्तर रेलवे ने ट्रेन हादसा टालने वाले 12 कर्मचारियों को 'सेफ्टी स्टार ऑफ द मंथ' से किया सम्मानित

घर लौटने वाले यात्रियों की बढ़ी भीड़
महापर्व पर अपने घर और परिवार के बीच छठ मनाने की चाह में बाहर रहने वाले लोगों का घर लौटना भी जारी है। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही बढ़ी हुई है। ट्रेनों से उतरने वाले यात्रियों के साथ परिवार के सदस्यों को लेने पहुंचे लोगों की भीड़ दिखाई दे रही है। वहीं बस अड्डों पर भी अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए यात्रियों की गहमागहमी है। बसों में सामान और पूजन सामग्री के साथ लोग अपने गांव और घरों की ओर जा रहे हैं। इससे चहल-पहल बनी हुई है।

यह भी पढ़ें- पूर्वोत्तर रेलवे ने ट्रेन हादसा टालने वाले 12 कर्मचारियों को 'सेफ्टी स्टार ऑफ द मंथ' से किया सम्मानित

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।