गोरखपुर बीआरडी मेडिकल कॉलेज में रैगिंग पर बड़ा एक्शन, 18 छात्र निलंबित और भारी जुर्माना
बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर ने रैगिंग के मामले में सख्त कार्रवाई की है। 18 सीनियर छात्रों पर 25-25 हजार रुपये ...और पढ़ें

बीआरडी मेडिकल कॉलेज। जागरण
HighLights
बीआरडी मेडिकल कॉलेज में रैगिंग पर सख्त कार्रवाई।
18 छात्रों पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना लगा।
एमबीबीएस छात्र एक सप्ताह, इंटर्न एक माह निलंबित।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कालेज में जूनियर छात्रों के साथ रैगिंग करने के मामले में कालेज प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। एमबीबीएस 2026 बैच के छात्रों के साथ रैगिंग के आरोप में 18 सीनियर छात्रों पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। कार्रवाई की जद में एमबीबीएस 2025 बैच के 16 छात्र और दो इंटर्न आए हैं। एमबीबीएस छात्रों को एक-एक सप्ताह के लिए निलंबित किया गया है, जबकि दोनों इंटर्न को एक महीने तक निलंबित रखने के साथ अतिरिक्त ट्रेनिंग करने का निर्देश दिया गया है।
रैगिंग का यह मामला अक्टूबर के पहले सप्ताह में सामने आया था। किसी व्यक्ति ने इसकी शिकायत राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के एंटी रैगिंग सेल से की थी। शिकायत मिलने के बाद कालेज प्रशासन ने जांच शुरू कराई। एंटी रैगिंग स्क्वायड ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ मौके पर भी पड़ताल की। जांच के आधार पर 18 सीनियर छात्रों को चिह्नित किया गया। पिछले सप्ताह हुई एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक में आरोपित छात्रों के अभिभावकों को बुलाने पर भी सहमति बनी थी।
प्राचार्य डा. धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि जांच में दोषी पाए गए 18 छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। सभी पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। एमबीबीएस छात्रों को एक सप्ताह के लिए निलंबित किया गया है, जबकि इंटर्न को एक महीने अतिरिक्त ट्रेनिंग करनी होगी।
कालेज प्रशासन ने अनुशासनहीनता के मामलों में भी सख्ती दिखाई है। बुधवार को प्राचार्य डा. धर्मेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में हुई अनुशासन समिति की बैठक में आठ छात्र-छात्राओं के खिलाफ कार्रवाई की गई।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर शिक्षक चुनाव: सपा के वोट बैंक पर राजीव यादव की सेंध, PDA फार्मूला भी हुआ फेल
महिला छात्रावास से जुड़ी दो शिकायतों की सुनवाई के बाद यह निर्णय लिया गया। एक मामले में इंटर्न छात्र पर हास्टल के गेट पर तैनात गार्ड के साथ हाथापाई करने का आरोप था। इस मामले में संबंधित इंटर्न पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
वहीं, दूसरी शिकायत में सात छात्राओं के देर रात छात्रावास लौटने का मामला सामने आया था। अनुशासन समिति ने प्रत्येक छात्रा पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर शिक्षक निर्वाचन: आधिकारिक घोषणा से पहले ही सोशल मीडिया पर छाए ध्रुव त्रिपाठी, शुरू हुई बधाइयों का दौर
