BRD मेडिकल कॉलेज में बड़ा बदलाव: अब मरीजों को बाहर से नहीं खरीदनी पड़ेंगी दवाएं, मुफ्त मिलेंगे इंप्लांट
बीआरडी मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में मरीजों के लिए सुविधाओं में सुधार किया जा रहा है। अब यहां ...और पढ़ें

बीआरडी मेडिकल कालेज। जागरण
HighLights
दवा वितरण केंद्र और आयुष्मान काउंटर शुरू किया गया।
अमृत फार्मेसी से आयुष्मान कार्डधारकों को मुफ्त इंप्लांट मिलेंगे।
प्राचार्य ने छात्रावासों का निरीक्षण कर सुविधाओं में सुधार के निर्देश दिए।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कालेज के सुपर स्पेशियलिटी ब्लाक में उपचार कराने वाले मरीजों को जरूरी दवाओं के लिए परेशान न होना पड़े, इसके लिए कालेज प्रशासन ने व्यवस्था में बदलाव शुरू कर दिया है। ब्लाक के सभी विभागों से रोगियों के उपचार में नियमित रूप से इस्तेमाल होने वाली आवश्यक दवाओं की सूची मांगी गई है। विभागों से प्राप्त सूची के आधार पर अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
सुपर स्पेशियलिटी ब्लाक में दवा वितरण केंद्र भी शुरू कर दिया गया है। इससे विभिन्न विभागों में भर्ती और उपचार के लिए आने वाले मरीजों को अस्पताल से ही आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था मजबूत होगी।
अस्पताल प्रशासन का जोर इस बात पर है कि गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों और उनके स्वजन को उपचार के दौरान जरूरी दवाओं के लिए बाहर न भटकना पड़े। इसके साथ ही ब्लाक में आयुष्मान योजना का काउंटर भी खोल दिया गया है। यहां आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों से संबंधित प्रक्रियाओं को पूरा कराने की सुविधा मिलेगी।
सुपर स्पेशियलिटी ब्लाक में अमृत फार्मेसी का एक और काउंटर भी खोला जा रहा है। इस काउंटर के माध्यम से मरीजों को दवाओं के साथ आवश्यक इंप्लांट उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। खास बात यह है कि आयुष्मान योजना के लाभार्थियों को भी अमृत फार्मेसी के माध्यम से इंप्लांट उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। इससे गंभीर बीमारियों के उपचार और सर्जरी कराने वाले मरीजों को राहत मिलेगी।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर आयुष विश्वविद्यालय में मोनोपोली दवाओं का खेल खत्म, मरीजों को मिली राहत
प्राचार्य ने किया दो छात्रावासों का निरीक्षण
प्राचार्य डा. धर्मेंद्र कुमार ने बुधवार को दो छात्रावासों का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रों से उनकी समस्याओं और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली और उनके साथ बैठकर भोजन कर उसकी गुणवत्ता परखी। निरीक्षण के दौरान छात्रावास की रसोई में टूटे बेसिन और फर्श की स्थिति भी सामने आई। प्राचार्य ने संबंधित अधिकारियों को इनकी तत्काल मरम्मत कराने का निर्देश दिया। उन्होंने छात्रावासों में साफ-सफाई और आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने पर भी जोर दिया।
