आम के तनों पर चूने की सफेदी से बढ़ेगी पैदावार, कीट व रोगों से होगा बचाव; कृषि विज्ञानी ने दिए सुझाव
आम के पेड़ों के तनों पर चूने की सफेदी कीटों और रोगों से बचाव करती है, जिससे बेहतर बौर और ...और पढ़ें
-1794196437568_m.webp)
HighLights
चूने की सफेदी कीट-रोगों से बचाकर पैदावार बढ़ाती है।
अक्टूबर-नवंबर सफेदी के लिए उपयुक्त समय, फरवरी-मार्च में दोहराएं।
बोरिक एसिड, जिंक सल्फेट से फल गुणवत्ता में सुधार।
संवाद सूत्र, महावनखोर। आम के पेड़ों के तनों पर चूने की सफेदी से कीट और रोगों का प्रकोप कम होता है। इससे बेहतर बौर और फल उत्पादन में भी मदद मिलती है। महायोगी गोरखनाथ कृषि विज्ञान केंद्र, चौकमाफी के उद्यान विज्ञानी डॉ. अजीत कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अक्टूबर-नवंबर सफेदी के लिए उपयुक्त समय है।
10 लीटर पानी में एक किलोग्राम बुझा चूना और 200 ग्राम कॉपर सल्फेट मिलाकर घोल बनाएं। इसे ब्रश से तने पर जमीन से चार-पांच फुट ऊंचाई तक लगाएं। फरवरी-मार्च में दोबारा सफेदी करने से पेड़ तेज गर्मी से सुरक्षित रहते हैं।
उन्होंने बताया कि चूने की सफेदी से दीमक, छाल खाने वाले कीटों और फफूंद जनित रोगों का प्रकोप कम होता है। सफेद रंग सूर्य की रोशनी परावर्तित कर तने का तापमान नियंत्रित रखता है। डॉ. श्रीवास्तव ने फूल आने से 10-15 दिन पहले एक लीटर पानी में पांच ग्राम बोरिक एसिड और जिंक सल्फेट मिलाकर छिड़काव करने की सलाह दी।
इससे फूल और फल की मात्रा व गुणवत्ता सुधरती है। सूक्ष्म पोषक तत्वों की पूर्ति के लिए सागरिका और सिवारिका का प्रयोग भी लाभकारी है। इससे फल गिरने और फटने की समस्या कम करने में मदद मिलती है।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर के सरैया बाजार में ऑटो पार्ट्स दुकान में लगी भीषण आग, शिक्षण संस्थान भी चपेट में; मची अफरातफरी